रायपुर 30 अक्टूबर 2026। दिवाली से पहले छत्तीसगढ़ में प्रवर्तन निदेशालय (ED) और आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा (EOW) की कार्रवाई से हलचल मच गई है। शुक्रवार सुबह करीब 6 बजे से दोनों एजेंसियों की टीमें राजधानी रायपुर समेत प्रदेश के कई जिलों में अलग-अलग ठिकानों पर पहुंचीं। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, रायपुर के बैरन बाजार इलाके में ED की टीम अनवर ढेबर के आवास पर पहुंची और जांच शुरू की। वहीं बिलासपुर और राजनांदगांव समेत अन्य स्थानों पर भी EOW की टीमों के दबिश देने की खबर है।
मिली जानकारी के अनुसार, ED की टीमें CGMSC और कोल मामले से जुड़े कुछ ठिकानों पर एक साथ जांच कर रही हैं। दूसरी ओर EOW की टीमें भी सुबह से अलग-अलग जिलों में दस्तावेजों और अन्य संभावित साक्ष्यों की पड़ताल में जुटी हैं। राजनांदगांव जिले में टीम ने दो कारोबारी के ठिकानों पर रेड की कार्रवाई की है। इनमें सनसिटी स्थित कारोबारी वैभव गोलछा और लाल बाग क्षेत्र स्थित कारोबारी जय बग्गा के ठिकाने शामिल है।
बताया जा रहा है कि दो गाड़ियों में ईडी की टीम में शामिल 10 अफसर यहां दस्तावेजों की जांच कर रहे है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि किन-किन ठिकानों पर कितनी टीमें कार्रवाई कर रही हैं और जांच के दौरान क्या दस्तावेज या अन्य सामग्री मिली है। एजेंसियों की ओर से कार्रवाई के संबंध में विस्तृत आधिकारिक जानकारी सामने आना बाकी है।
27 अक्टूबर को रायपुर और दुर्ग में भी हुई थी कार्रवाई
इससे पहले 27 अक्टूबर को ED ने रायपुर और दुर्ग में कई ठिकानों पर दबिश दी थी। दुर्ग के ऋषभ ग्रीन सिटी में ट्रांसपोर्ट कारोबारी गुलशन बघेल के आवास पर करीब 10 अधिकारियों की टीम ने जांच की थी। आरोप है कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल के दौरान उन्होंने खुद को पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का करीबी बताकर लोगों से कथित तौर पर उगाही की थी। इसी मामले से जुड़ी जांच में पहले भी कार्रवाई होने की जानकारी सामने आई थी।
27 अक्टूबर को ही रायपुर के पंडरी इलाके में ज्वेलरी कारोबारी नितिन डागा के आवास सहित तीन से चार ठिकानों पर ED की टीम ने जांच की थी। टीम ने सुशील विला स्थित उनके आवास पर पहुंचकर दस्तावेजों की पड़ताल की थी। फिलहाल शुक्रवार को हुई ताजा कार्रवाई को लेकर एजेंसियों की आधिकारिक जानकारी का इंतजार है। जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि किन मामलों में क्या साक्ष्य सामने आए हैं और आगे क्या कार्रवाई की जाएगी।


