जांजगीर-चांपा, 16 नवंबर 2026। जांजगीर-चांपा जिले में रिश्वतखोरी के आरोप ने पुलिस विभाग में हड़कंप मचा दिया है। शराब बिक्री के मामले में आरोपियों को कथित तौर पर 1.5 लाख रुपये लेकर छोड़ने के मामले में पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय ने बड़ी कार्रवाई की है। सारागांव थाने में पदस्थ प्रशिक्षु उप निरीक्षक समेत छह पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। एसपी ने मामले की विस्तृत जांच के निर्देश भी दिए हैं। आरोप प्रमाणित होने पर संबंधित लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने को कहा गया है।
मामला सारागांव थाने का है। 11 नवंबर को एक दैनिक समाचार पत्र में ‘1.5 लाख लेकर शराब के आरोपियों को छोड़ा’ शीर्षक से खबर प्रकाशित हुई थी। एसपी विजय कुमार पाण्डेय ने मामले को गंभीरता से लेते हुए नगर पुलिस अधीक्षक जांजगीर से जांच कराई। जांच में सामने आया कि 4 नवंबर को आबकारी अधिनियम की धारा 36(च) के तहत दर्ज मामले में आरोपी गोपाल से सारागांव थाने के पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों द्वारा रकम का लेन-देन किया गया था। पुलिस की प्रारंभिक जांच में प्रथम दृष्टया आरोप प्रमाणित पाए गए। इसके बाद एसपी ने संबंधित छह पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया।
प्रशिक्षु SI समेत इन 6 पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई
निलंबित किए गए पुलिसकर्मियों में प्रशिक्षु उप निरीक्षक पुष्पेन्द्र साहू, प्रधान आरक्षक अर्जुन जांगड़े और आरक्षक दीपक सिंह, शंकर जयकिशन, सुनील रमन एवं गोवर्धन टाईगर शामिल हैं। सभी सारागांव थाने में पदस्थ थे। एसपी ने मामले की विस्तृत जांच की जिम्मेदारी सीएसपी जांजगीर योगिताबाली खापर्डे को सौंपी है। उन्हें संबंधित मीडियाकर्मी का बयान दर्ज करने, प्रकाशित खबर के तथ्यों और स्रोतों की जानकारी जुटाने तथा आबकारी मामले के आरोपी गोपाल गोंड़ से कथित लेन-देन के संबंध में पूछताछ करने के निर्देश दिए गए हैं।
इसके अलावा संबंधित पुलिसकर्मियों की भूमिका और संलिप्तता की जांच की जाएगी। यदि पुलिस और आरोपी के बीच किसी अन्य व्यक्ति द्वारा मध्यस्थता किए जाने के साक्ष्य मिलते हैं, तो उसका बयान भी दर्ज किया जाएगा। एसपी ने निर्देश दिए हैं कि जांच में भ्रष्टाचार और अवैध लेन-देन के आरोप प्रमाणित होने पर संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जाए।
SP का सख्त संदेश
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय ने स्पष्ट किया है कि पुलिस विभाग में भ्रष्टाचार, अवैध लेन-देन और अनुचित गतिविधियों के लिए कोई जगह नहीं है। जांच निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से की जाएगी। आरोपों की पुष्टि होने पर संबंधित अधिकारी या कर्मचारी के खिलाफ कठोर कार्रवाई होगी। फिलहाल छह पुलिसकर्मियों के निलंबन के बाद अब जांच की अगली कार्रवाई पर नजर है। इस मामले में यह भी महत्वपूर्ण होगा कि कथित रकम के लेन-देन में और कौन-कौन शामिल था और जांच के आधार पर किन लोगों के खिलाफ आपराधिक कार्रवाई की जाती है।


