बालोद, 22 अगस्त 2026। बालोद जिले के डौंडी नगर पंचायत में शनिवार सुबह कर्मचारियों के बीच शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया। नगर पंचायत में सफाई कार्य के दौरान ट्रैक्टर ड्राइवर ने अपने ही दो सफाईकर्मियों पर टंगिया से हमला कर दिया। हमले में दोनों सफाईकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। दोनों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक घटना डौंडी थाना क्षेत्र के बाजार चौक की बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक नगर पंचायत के सफाई कर्मचारी शनिवार सुबह बाजार चौक के पास सफाई कार्य में जुटे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर सफाई कर्मचारियों और ट्रैक्टर ड्राइवर के बीच विवाद शुरू हो गया। बताया जा रहा है कि विवाद बढ़ने के बाद ट्रैक्टर चालक ने अचानक टंगिया उठाकर दो सफाईकर्मियों पर हमला कर दिया। हमले में दोनों कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद बाजार चौक के आसपास अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
हमले के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने दोनों घायल सफाईकर्मियों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों की निगरानी में दोनों का उपचार जारी है और उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस अब घायलों की स्थिति पर भी नजर बनाए हुए है। उनकी हालत में सुधार होने के बाद पुलिस उनके बयान दर्ज करेगी, जिससे विवाद की वास्तविक वजह और घटनाक्रम की पूरी जानकारी सामने आ सके। घटना की सूचना मिलते ही डौंडी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
पुलिस ने नगर पंचायत के ट्रैक्टर चालक के खिलाफ अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आखिर सफाईकर्मियों और ट्रैक्टर चालक के बीच विवाद किस बात को लेकर शुरू हुआ था और किस परिस्थिति में मामला मारपीट और जानलेवा हमले तक पहुंच गया। फिलहाल पुलिस ने घटनास्थल की जांच के साथ मामले से जुड़े लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। घायलों के बयान और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


