रायपुर, 6 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार ने युवाओं को रोजगार का नया अवसर दिया है। छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल ने विभिन्न विभागों में तृतीय श्रेणी के 1,703 पदों पर भर्ती के लिए अधिसूचना जारी कर दी है। इस भर्ती के तहत पहली बार लिखित परीक्षा के माध्यम से अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा। भर्ती प्रक्रिया के लिए ऑनलाइन आवेदन 5 नवंबर 2026 से शुरू हो चुके हैं। इच्छुक और पात्र अभ्यर्थी 27 नवंबर 2026 की शाम 5 बजे तक आवेदन कर सकते हैं। आवेदन में त्रुटि सुधार के लिए 28 से 30 नवंबर तक का समय निर्धारित किया गया है। जारी अधिसूचना के अनुसार, इस भर्ती में सबसे अधिक पद सहायक ग्रेड-3 के हैं। इसके अलावा पुलिस विभाग और विभिन्न कार्यालयों में लिपिकीय एवं तकनीकी पदों पर भी नियुक्तियां की जाएंगी। पदों का विवरण इस प्रकार है….
- सहायक ग्रेड-3 – 1,206 पद
- सहायक उप निरीक्षक (जिला इकाई संवर्ग) – 279 पद
- शीघ्रलेखक (हिंदी) – 30 पद
- उप निरीक्षक-अ (शीघ्रलेखक, सामान्य शाखा) – 34 पद
- स्टेनो टाइपिस्ट – 23 पद
- डाटा एंट्री ऑपरेटर – 25 पद
- शीघ्रलेखक (द्विभाषी) – 13 पद
- पंजीयक लिपिक – 50 पद
- सहायक उप निरीक्षक-अ (सामान्य शाखा) – 40 पद
- शीघ्रलेखक (अंग्रेजी) – 3 पद
10 जनवरी को होगी लिखित परीक्षा
भर्ती के लिए लिखित परीक्षा 10 जनवरी 2027 को आयोजित की जाएगी। परीक्षा का समय सुबह 10 बजे से दोपहर 12:15 बजे तक निर्धारित किया गया है। अभ्यर्थियों के प्रवेश पत्र 4 जनवरी 2027 से कर्मचारी चयन मंडल की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध होंगे। परीक्षा प्रदेश के पांच संभागीय मुख्यालयों में आयोजित की जाएगी। इस भर्ती की एक खास बात यह है कि छत्तीसगढ़ के स्थानीय निवासी अभ्यर्थियों को परीक्षा शुल्क वापस किया जाएगा। इसके लिए शर्त यह है कि अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हों। नियमानुसार परीक्षा शुल्क उसी बैंक खाते में वापस किया जाएगा, जिससे आवेदन के दौरान भुगतान किया गया होगा।
कब क्या होगा ? जानिए पूरा शेड्यूल
- ऑनलाइन आवेदन शुरू – 5 नवंबर 2026
- आवेदन की अंतिम तारीख – 27 नवंबर 2026, शाम 5 बजे
- आवेदन में त्रुटि सुधार – 28 से 30 नवंबर 2026
- प्रवेश पत्र जारी – 4 जनवरी 2027
- लिखित परीक्षा – 10 जनवरी 2027
कहां करें आवेदन ?
भर्ती से संबंधित पदों की योग्यता, आयु सीमा, आरक्षण, परीक्षा शुल्क, चयन प्रक्रिया और अन्य शर्तों की विस्तृत जानकारी के लिए अभ्यर्थी छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल की आधिकारिक वेबसाइट पर जा सकते हैं।
आधिकारिक वेबसाइट: https://cgssb.cgstate.gov.in
सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए यह भर्ती एक बड़ा अवसर है। खासकर सहायक ग्रेड-3 के 1,206 पदों के कारण बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों को इसमें शामिल होने का मौका मिलेगा।


