10 जुलाई 2026। सार्वजनिक क्षेत्र की कोयला कंपनी साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड ने वित्तीय वर्ष 2024-25 के लिए कोयला मंत्रालय की स्टार रेटिंग में बड़ी उपलब्धि हासिल की है। मंत्रालय ने एसईसीएल की पांच खदानों को सर्वोच्च फाइव-स्टार रेटिंग से सम्मानित किया है। किसी एक मूल्यांकन वर्ष में कंपनी की पांच खदानों को एक साथ फाइव-स्टार रेटिंग मिलना एसईसीएल के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। कोयला मंत्रालय की ओर से जारी स्टार रेटिंग में बंगवार भूमिगत खदान (सोहागपुर क्षेत्र), खैराहा भूमिगत खदान (सोहागपुर क्षेत्र), बेहराबांध भूमिगत खदान (जोहिला क्षेत्र), विजय वेस्ट भूमिगत खदान (हसदेव क्षेत्र) और जगन्नाथपुर ओपनकास्ट परियोजना (भटगांव क्षेत्र) को फाइव-स्टार रेटिंग दी गई है।
कोयला मंत्रालय की स्टार रेटिंग प्रणाली के तहत देश की कोयला और लिग्नाइट खदानों का कई मानकों पर मूल्यांकन किया जाता है। इनमें सुरक्षित और वैज्ञानिक खनन, पर्यावरण संरक्षण, भूमि पुनर्वास, आधुनिक तकनीकों का उपयोग, श्रमिक सुरक्षा एवं कल्याण, वैधानिक नियमों का पालन, सामाजिक उत्तरदायित्व और परिचालन दक्षता प्रमुख हैं। इन सभी मानकों पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली खदानों को ही फाइव-स्टार रेटिंग प्रदान की जाती है। एसईसीएल की जगन्नाथपुर ओपनकास्ट परियोजना इस वर्ष कंपनी की एकमात्र ओपनकास्ट परियोजना रही, जिसे फाइव-स्टार रेटिंग मिली। परियोजना ने ओवरबर्डन प्रबंधन, हरित विकास, जल संरक्षण और सुरक्षित उत्पादन जैसे क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रदर्शन किया।
45 खदानों को मिली थ्री-स्टार या उससे अधिक रेटिंग
वित्तीय वर्ष 2024-25 के स्टार रेटिंग मूल्यांकन में एसईसीएल की कुल 45 खदानों को थ्री-स्टार या उससे अधिक रेटिंग मिली है। इनमें 5 खदानों को फाइव-स्टार, 19 खदानों को फोर-स्टार और 21 खदानों को थ्री-स्टार रेटिंग प्रदान की गई है। एसईसीएल की मेगा परियोजनाएं दीपका और मानिकपुर ओपनकास्ट खदान भी इस सूची में शामिल हैं, जिन्हें फोर-स्टार रेटिंग मिली है।
सतत और सुरक्षित खनन पर फोकस
एसईसीएल का कहना है कि यह उपलब्धि कंपनी की परिचालन दक्षता, सुरक्षा संस्कृति और पर्यावरण संरक्षण के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती है। कोल इंडिया लिमिटेड की प्रमुख अनुषंगी कंपनी के रूप में एसईसीएल आधुनिक तकनीक और बेहतर खनन प्रथाओं के जरिए देश की ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत करने और सतत विकास के लक्ष्यों को हासिल करने की दिशा में लगातार काम कर रही है।

