अंबिकापुर 4 सितंबर 2026। अंबिकापुर में आश्रम के मैदान में बैठे दो युवकों के साथ ऐसा घटनाक्रम हुआ, जिसने इलाके में सनसनी फैला दी। आरोप है कि दो युवकों को मैदान में बैठे देखकर ख्रिस्त मिलन आश्रम का फादर एयरगन लेकर पहुंचा और उन पर फायर कर दिया। फायरिंग में एयरगन का छर्रा एक युवक के पैर और गले में जा लगा। इसके बाद फादर पर गड़ासा दिखाकर दोनों युवकों को जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगा है। घटना के बाद घायल युवक ने कोतवाली थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले में तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी फादर को गिरफ्तार कर लिया और घटना में इस्तेमाल एयरगन जब्त कर ली है।
जानकारी के मुताबिक मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है। बताया जा रहा है कि अंबिकापुर के नमनाकला इलाके में स्थित ख्रिस्त मिलन आश्रम का मैदान है। यहां खटिकपारा निवासी आयुष सोनकर अपने साथी आजाद सोनकर के साथ आश्रम के ग्राउंड में बैठकर बातचीत कर रहा था। आश्रम का मैदान खटिक मोहल्ले से लगा हुआ है और आसपास के बच्चे यहां खेलते हैं। दोनों युवक भी पहले इस मैदान में खेलने जाते रहे हैं। युवकों के मुताबिक इसी दौरान आश्रम के फादर की नजर उन पर पड़ी। फादर को बंदूक के साथ अपनी ओर आते देखकर दोनों युवक वहां से भागने लगे।
आरोप है कि इसी दौरान फादर ने एयरगन से फायर कर दिया। एयरगन से निकला छर्रा आयुष सोनकर को लग गया। बताया गया है कि छर्रे उसके पैर और गले में लगे, जिसके बाद वह घायल हो गया। युवकों ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया कि फायरिंग के बाद फादर उनके पास पहुंचे और गड़ासा दिखाकर जान से मारने की धमकी दी। घटना के बाद घायल आयुष सोनकर ने थाने पहुंचकर पुलिस को पूरी जानकारी दी और शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई शुरू की।
मामले में पुलिस ने आरोपी फादर को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल एयरगन भी जब्त कर ली है। कोतवाली थाना प्रभारी अखिलेश सिंह के मुताबिक मामले में आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है। पकड़ा गया आरोपी चर्च का फादर बताया गया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। फायरिंग की वजह क्या थी, दोनों युवकों और फादर के बीच पहले से कोई विवाद था या नहीं और घटना के दौरान वास्तव में क्या-क्या हुआ, इन सभी बिंदुओं की जांच की जा रही है। पुलिस की जांच और सामने आने वाले तथ्यों के बाद ही घटना की पूरी तस्वीर साफ हो सकेगी।


