बिलासपुर 26 जून 2026। बिलासपुर में सिविल लाइन थाना परिसर में शुक्रवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब लॉकअप में बंद एक युवक ने ब्लेड के टुकड़े से खुद को घायल कर लिया। आरोपी ने अपने हाथ और सीने पर ब्लेड से वार कर लिया। घटना के बाद पुलिसकर्मियों ने तत्काल उसे उपचार के लिए सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद डॉक्टरों ने उसे छुट्टी दे दी। थाने के लाॅकअप में घटित इस घटना ने एक बार फिर लॉकअप की सुरक्षा व्यवस्था और तलाशी प्रक्रिया पर सवाल खड़े कर दिये हैं।
जानकारी के मुताबिक ये पूरा मामला सिविल लाइन थाना का हैै। बताया जा रहा है कि आरोपी शेख खलील को डल्ला नाच कार्यक्रम के दौरान चाकू के साथ पकड़ा गया था। उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई कर सिविल लाइन थाने के लॉकअप में रखा गया था। पुलिस का कहना है कि आरोपी के खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि आरोपी ने ब्लेड का एक छोटा टुकड़ा अपने मुंह के किनारे छिपाकर रखा था।
मौका मिलते ही उसने उसी ब्लेड से अपने हाथ और सीने पर वार कर लिया। हालांकि यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि ब्लेड लॉकअप तक कैसे पहुंचा। पुलिस इस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। पुलिस अधिकारियों का मानना है कि आरोपी ने कार्रवाई से बचने या पुलिस पर दबाव बनाने के उद्देश्य से खुद को चोट पहुंचाने की कोशिश की है। हालांकि अधिकारियों का कहना है कि यह फिलहाल जांच का विषय है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की पड़ताल की जा रही है।
घटना के बाद पुलिस ने युवक से मिलने आई एक महिला और एक नाबालिग की भूमिका की भी जांच शुरू कर दी है। यह पता लगाया जा रहा है कि कहीं ब्लेड बाहर से तो नहीं पहुंचाया गया। साथ ही थाने के लॉकअप की सुरक्षा व्यवस्था, तलाशी प्रक्रिया और निगरानी व्यवस्था की भी समीक्षा की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि ब्लेड लॉकअप के भीतर कैसे पहुंचा और घटना के पीछे वास्तविक परिस्थितियां क्या थीं।

