रायपुर 29 अगस्त 2026। राजधानी रायपुर के विधानसभा थाना परिसर में शनिवार को करंट लगने से युवक की मौत हो गई। हादसा थाने के बाहर लगे वाटर कूलर के पास हुआ। बताया जा रहा है कि युवक को करंट की चपेट में देखकर उसे बचाने पहुंचा पुलिस आरक्षक भी करंट की चपेट में आकर बुरी तरह झुलस गया। घायल आरक्षक को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की जानकारी के बाद मौके पर हड़कंप मच गया। आनन फानन में पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटना की जांच शुरू की गयी।
जानकारी के मुताबिकए बिल्हाए जिला बिलासपुर निवासी रमेश ठाकुर किसी काम से विधानसभा थाना आया था। इसी दौरान थाना परिसर के बाहर वाटर कूलर के पास वह अचानक करंट की चपेट में आ गया। तेज विद्युत प्रवाह की चपेट में आने के बाद रमेश मौके पर ही गिर पड़ा। रमेश को करंट लगा देखकर आसपास मौजूद लोगों और पुलिसकर्मियों ने उसे बचाने की कोशिश की। इसी दौरान आरक्षक गणेश भी करंट की चपेट में आकर झुलस गया। इस घटना के बाद मौके पर मौजूद साथी पुलिसकर्मियों ने तत्काल बिजली की आपूर्ति बंद कराई।
इसके बाद रमेश को बचाने का प्रयास किया गया, लेकिन उसकी मौके पर ही मौत हो चुकी थी। घायल आरक्षक गणेश को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। इसके बाद सीएसईबी के अधिकारी और कर्मचारी भी घटनास्थल पर पहुंचे और वाटर कूलर समेत पूरे विद्युत कनेक्शन की जांच शुरू की। फिलहाल यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि वाटर कूलर में करंट कैसे आया और विद्युत प्रवाह थाना परिसर के आसपास कैसे फैला।
विद्युत विभाग की जांच के बाद हादसे की वास्तविक वजह सामने आने की उम्मीद है। घटना के बाद विधानसभा थाना परिसर में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा। पुलिस ने मृतक रमेश ठाकुर के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस और विद्युत विभाग की जांच के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि हादसा विद्युत कनेक्शन में तकनीकी खराबी, वायरिंग की समस्या या किसी अन्य वजह से हुआ। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।


