दुर्ग 30 अगस्त 2026: भिलाई के नेहरू नगर चौक पर शनिवार रात मामूली विवाद के बाद 26 वर्षीय युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है कि लिफ्ट लेने के लिए स्कूटी सवार युवकों को रोकने की बात को लेकर कहासुनी हुई थी। विवाद बढ़ने पर स्कूटी सवार एक युवक ने चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवक ने रविवार सुबह इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।मृतक की पहचान कैंप-1 निवासी शिव कुमार सिंह के रूप में हुई है। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक शिव कुमार सिंह अपने दोस्त शिशांत के साथ बाइक से नेहरू नगर चौक पहुंचा था। उसे चिचोला जाना था, जहां वह दुकान चलाता था। सड़क पर उसने पहले एक ट्रक को रोककर लिफ्ट लेने की कोशिश की, लेकिन ट्रक नहीं रुका। इसके बाद शिव कुमार ने वहां से गुजर रहे स्कूटी सवार युवकों को रोकने का प्रयास किया। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया। आरोप है कि विवाद के दौरान स्कूटी सवार एक युवक ने चाकू निकालकर शिव कुमार की बाईं जांघ के ऊपर सामने की तरफ वार कर दिया।
चाकू लगने से वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस के अनुसार आरोपी दो स्कूटी पर सवार थे। इनमें चार युवक और एक लड़की के होने की जानकारी सामने आई है। बताया जा रहा है कि आरोपी नेहरू नगर चौक के ब्रिज के नीचे से अंडरब्रिज की ओर गए और फिर टाउनशिप की तरफ निकल गए। घटना की सूचना मिलते ही सुपेला पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल शिव कुमार को हाईटेक अस्पताल पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे शंकराचार्य मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
वहां उपचार के दौरान रविवार सुबह शिव कुमार की मौत हो गई। युवक की मौत की सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले को हत्या की धाराओं में लिया और आरोपियों की तलाश तेज कर दी। वारदात के वक्त शिव कुमार का दोस्त शिशांत भी उसके साथ था। पुलिस पूछताछ में उसने बताया कि घटना इतनी तेजी से हुई कि वह आरोपियों की स्कूटी का नंबर नोट नहीं कर सका। अब पुलिस आरोपियों तक पहुंचने के लिए नेहरू नगर चौक, ब्रिज के नीचे और अंडरब्रिज की ओर लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि वारदात के बाद आरोपी किस रास्ते से टाउनशिप की ओर भागे।


