कोरबा 16 अगस्त 2026। उत्तर छत्तीसगढ़ और हसदेव कैचमेंट क्षेत्र में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश का असर कोरबा के मिनीमाता बांगो जलाशय पर भी दिखाई दे रहा है। जलाशय में पानी की तेज आवक के चलते इसका जलस्तर बढ़कर 94.42 प्रतिशत तक पहुंच गया है। स्थिति को देखते हुए जल संसाधन विभाग ने बांध के 7 रेडियल गेट खोल दिए हैं। बांध के गेट खोलने के बाद हसदेव नदी में बड़ी मात्रा में पानी छोड़ा जा रहा है। जल संसाधन विभाग के मुताबिक, 7 गेट से करीब 32 हजार क्यूसेक पानी और बांध के जल विद्युत संयंत्र से करीब 9 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। इस तरह हसदेव नदी में कुल करीब 41 हजार क्यूसेक पानी प्रति सेकेंड प्रवाहित किया जा रहा है।
मिनीमाता बांगो बांध के कार्यपालन अभियंता एस.के. भारती के मुताबिक, बांध में जलभराव 358.7 मीटर तक पहुंचने के बाद 15 अगस्त की सुबह तीन गेट खोले गए थे। इसके बाद जलाशय में पानी की आवक और बढ़ गई। पानी की बढ़ती आवक को देखते हुए देर शाम तक चार और गेट खोल दिए गए। इसके साथ ही बांध से पानी की निकासी बढ़ाकर कुल सात गेट से पानी हसदेव नदी में छोड़ा जा रहा है। बांगो बांध से लगातार पानी छोड़े जाने को देखते हुए प्रशासन और जल संसाधन विभाग ने हसदेव नदी के आसपास के इलाकों में सतर्कता बढ़ा दी है। विभाग के मुताबिक, हसदेव बांध से लगे 34 गांवों में पहले ही अलर्ट जारी किया जा चुका है।
नदी के तटीय और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। प्रशासन की ओर से संभावित जलभराव वाले क्षेत्रों में मुनादी कराकर लोगों को नदी के आसपास नहीं जाने की अपील की जा रही है। बांगो बांध के सात गेट खोले जाने के बाद यहां पानी का तेज बहाव देखने के लिए स्थानीय लोगों की भीड़ पहुंच रही है। बारिश के मौसम में बांगो बांध का नजारा देखने के लिए आसपास के इलाकों के अलावा दूर-दूर से भी लोग पहुंचते हैं। हालांकि, बांध से बड़ी मात्रा में पानी छोड़े जाने के कारण प्रशासन लोगों से सुरक्षा को प्राथमिकता देने और नदी के तेज बहाव वाले हिस्सों से दूर रहने की अपील कर रहा है।
अगले चार दिन भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने अगले चार दिनों तक सरगुजा और बिलासपुर संभाग में भारी से मूसलाधार बारिश की संभावना जताई है। इसके साथ ही कुछ क्षेत्रों में आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी भी जारी की गई है। बारिश और बांध से लगातार पानी छोड़े जाने के बीच हसदेव नदी के तटीय और निचले इलाकों में जलस्तर बढ़ने की आशंका बनी हुई है। ऐसे में प्रशासन ने नदी किनारे बसे गांवों में निगरानी बढ़ा दी है और लोगों से मौसम तथा प्रशासन की चेतावनियों का पालन करने की अपील की है। बांगो बांध की स्थिति पर प्रशासन और जल संसाधन विभाग लगातार नजर बनाए हुए है। पानी की आवक बढ़ने की स्थिति में गेटों से पानी की निकासी आगे भी बढ़ाई जा सकती है।


