कोरबा 14 अक्टूबर 2026। कोरबा में सेवा संकल्प अभियान के तहत स्वास्थ्य सेवाओं को जन-जन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाली 350 मितानिन दीदियों को सम्मानित किया गया। कैबिनेट मंत्री लखन लाल देवांगन के शासकीय निवास पर आयोजित समारोह में मितानिन दीदियों को पुष्पगुच्छ और उपहार भेंटकर उनके सेवाभाव, समर्पण और योगदान की सराहना की गई। इस दौरान मंत्री लखन लाल देवांगन ने कहा कि मितानिन दीदियां विपरीत परिस्थितियों में भी जरूरतमंदों की सहायता करती हैं। उनका निःस्वार्थ सेवाभाव ‘नर सेवा, नारायण सेवा’ की भावना को साकार करता है। स्वास्थ्य सेवाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में उनकी भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है।
समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री लखन लाल देवांगन ने कहा कि कोरबा विधानसभा क्षेत्र की मितानिन दीदियों का सम्मान उनके समर्पण और जनसेवा के प्रति आभार व्यक्त करने का अवसर है। मितानिन दीदियां लोगों को स्वास्थ्य संबंधी सुविधाओं और सेवाओं से जोड़ने के साथ जरूरत के समय उनकी मदद भी करती हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर सेवा संकल्प अभियान के तहत विभिन्न जनसेवा और जनभागीदारी से जुड़ी गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इसी कड़ी में कोरबा में भी कार्यक्रम आयोजित कर समाज के लिए योगदान देने वाले लोगों का सम्मान किया जा रहा है। मंत्री ने बताया कि 17 सितंबर को कोरबा में पांच लाख से अधिक दीप प्रज्ज्वलित कर अभियान में उत्साहपूर्वक सहभागिता की गई थी।
मितानिन दीदियां स्वास्थ्य सेवाओं की मजबूत कड़ी
मंत्री देवांगन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार की ओर से कई जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं। वहीं, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में शिक्षा, स्वास्थ्य और विकास के क्षेत्र में लगातार कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ राज्य के गठन का उल्लेख करते हुए कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के कार्यकाल में एक रुपये प्रति किलो चावल वितरण जैसी योजनाओं से गरीब परिवारों को खाद्य सुरक्षा उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल हुई। वर्तमान में महतारी वंदन योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना और श्री रामलला दर्शन योजना जैसी योजनाएं संचालित की जा रही हैं। मंत्री ने कहा कि मितानिन दीदियां अपने सेवाभाव से जरूरतमंद लोगों की सहायता कर मानवता की मिसाल पेश कर रही हैं।
महापौर बोलीं- मितानिनों का योगदान समाज के लिए महत्वपूर्ण
कार्यक्रम में महापौर संजू देवी राजपूत ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित यह समारोह मितानिन दीदियों की मेहनत, संघर्ष और सेवाभाव के प्रति सम्मान व्यक्त करने का अवसर है। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के कार्यकाल में मितानिन कार्यक्रम की शुरुआत हुई थी। इसके बाद से मितानिन दीदियां निरंतर निष्ठा और लगन के साथ जनसेवा में जुटी हुई हैं। महापौर ने कोरबा शहर में हो रहे विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए बताया कि बुधवारी क्षेत्र के छोटे व्यापारियों को व्यवस्थित तरीके से व्यवसाय करने के लिए आनंद बाजार में स्थान उपलब्ध कराया गया है।
एमआईसी सदस्य नरेंद्र देवांगन ने मितानिन दीदियों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि वे स्वास्थ्य सेवाओं की मजबूत कड़ी हैं। कोरोना संकट के दौरान भी उन्होंने लोगों की सुरक्षा और सहायता के लिए उल्लेखनीय कार्य किया था। उन्होंने कहा कि जन्म से लेकर जीवन के विभिन्न पड़ावों तक स्वास्थ्य और जनकल्याण के क्षेत्र में मितानिन दीदियों का योगदान महत्वपूर्ण है। उनके सेवाभाव और समर्पण का सम्मान करना समाज के लिए गौरव की बात है।


