रायपुर 4 अगस्त 2026। राजधानी रायपुर में आज मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। विधानसभा थाना क्षेत्र में स्कूल बस की चपेट में आने से 3 साल के मासूम की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में भारी आक्रोश फैल गया। परिजनों और स्थानीय लोगों ने थाने का घेराव कर बस चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
जानकारी के मुताबिक ये हादसा विधानसभा थाना क्षेत्र में घटित हुआ। पुलिस के मुताबिक हादसा सुबह करीब 8 बजे विधानसभा अंडरब्रिज सर्विस रोड के पास हुआ। भुवंस स्कूल की बस बच्चों को लेकर स्कूल जा रही थी, तभी सर्विस रोड पर रहने वाले राजा देवार का 3 वर्षीय बेटा मुन्ना अचानक बस की चपेट में आ गया। टक्कर इतनी गंभीर थी कि मासूम ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही विधानसभा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्कूल बस को जब्त कर चालक धलेंद्र साहू को गिरफ्तार कर लिया। चालक और कंडक्टर से पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिजन और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग विधानसभा थाने पहुंच गए। लोगों ने स्कूल बसों की तेज रफ्तार और कथित लापरवाही पर सवाल उठाते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
सड़क सुरक्षा पर फिर उठे गंभीर सवाल
राजधानी समेत प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में लगातार बढ़ रहे सड़क हादसे चिंता का विषय बनते जा रहे हैं। विशेष रूप से स्कूल बसों और भारी वाहनों की आवाजाही वाले क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था, गति नियंत्रण और निगरानी को लेकर सवाल लगातार उठ रहे हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि सड़क सुरक्षा नियमों का सख्ती से पालन, स्कूल वाहनों की नियमित जांच और संवेदनशील क्षेत्रों में प्रभावी ट्रैफिक प्रबंधन ही ऐसे दर्दनाक हादसों को रोकने का सबसे प्रभावी उपाय हो सकता है।


