जांजगीर 12 सितंबर 2026। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में पिकनिक मनाने पहुंचे कॉलेज छात्रों के साथ बड़ा हादसा हो गया। हसदेव नदी के तेज बहाव में तीन छात्र बह गए। हादसे के बाद से तीनों का अब तक कोई पता नहीं चल पाया है। बताया जा रहा है कि कालेज छात्र देवरी घाट पर सेल्फी ले रहे थे, तभी एक छात्र का पैर फिसल गया और पानी के तेज बहाव में बहने लगा। उसे बचाने के लिए दो और छात्र नदी में कूद गये और देखते ही देखते तीनों छात्र बह गये। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और लापता छात्रों की तलाश शुरू कराई गई। पुलिस और नगर सैनिक गोताखोरों की टीम नदी में लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही है।
जानकारी के मुताबिक घटना घटना बलौदा थाना क्षेत्र के देवरी गांव की है। सीएसपी योगिताबाली खापर्डे ने इस हादसे के संबंध में बताया कि बिलासपुर के चौकसे कॉलेज के बी-फार्मा फर्स्ट ईयर के 8 छात्र-छात्राएं शुक्रवार दोपहर करीब 2 से 2:30 बजे देवरी गांव पहुंचे थे। इनमें चार छात्र और चार छात्राएं शामिल थीं। बताया गया कि मुरारी साहू (22), पवन लाल (22) और सचिन सिंह (23) नदी किनारे सेल्फी लेने के लिए खड़े थे। इसी दौरान एक छात्र का पैर फिसल गया और वह हसदेव नदी के तेज बहाव में बहने लगा। साथी को बचाने के लिए दोनों अन्य छात्र भी नदी में कूद गए। लेकिन तेज बहाव के कारण तीनों छात्र नदी में बह गए और लापता हो गए।
हादसे की सूचना मिलते ही बलौदा थाना प्रभारी मनोहर सिन्हा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। इसके बाद नगर सैनिक गोताखोरों की टीम को बुलाया गया। पुलिस और गोताखोर नदी के आसपास संभावित स्थानों पर तीनों छात्रों की तलाश कर रहे हैं। तेज बहाव के कारण रेस्क्यू टीम को भी चुनौती का सामना करना पड़ रहा है। हादसे की जानकारी तीनों छात्रों के परिजनों को दे दी गई है। बताया जा रहा है कि तीनों छात्र अंबिकापुर, मरवाही और कवर्धा के रहने वाले हैं। फिलहाल पुलिस और रेस्क्यू टीम की कोशिश है कि नदी में बह गए तीनों छात्रों का जल्द से जल्द पता लगाया जा सके।
प्रतिबंध और चेतावनियों के बावजूद पिकनिक स्पॉट पर पहुंच रहे लोग
प्रशासन द्वारा बारिश के दौरान संवेदनशील पिकनिक स्पॉट और जलस्रोतों पर जाने पर प्रतिबंध लगाने के बावजूद लोग जोखिम वाले इलाकों तक पहुंच जाते हैं। सवाल सिर्फ प्रशासन की निगरानी का नहीं, बल्कि खुद की सुरक्षा को लेकर लोगों की जिम्मेदारी का भी है।बारिश के दिनों में नदी-नालों का जलस्तर अचानक बढ़ जाता है। सामान्य नजर आने वाला पानी भी तेज बहाव में बेहद खतरनाक हो सकता है। इसके बावजूद युवाओं में नदी किनारे सेल्फी, वीडियो और पिकनिक की तस्वीरें सोशल मीडिया पर पोस्ट करने का क्रेज कई बार भारी पड़ रहा है।


