दुर्ग 12 सितंबर 2026। दुर्ग जिले के सेलूद में आयोजित ओपन कबड्डी प्रतियोगिता में शामिल होने आए रायपुर के दो युवकों के साथ बड़ा हादसा हो गया। प्रतियोगिता के बाद तांदुला नहर के तेज बहाव की चपेट में आकर दोनों युवक बहने लगे। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने एक युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन दूसरा युवक तेज बहाव में बह गया। उसकी तलाश के लिए SDRF की टीम ने सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है।
जानकारी के मुताबिक रायपुर के गुढ़ियारी क्षेत्र से कुछ युवक सेलूद में आयोजित ओपन कबड्डी प्रतियोगिता में हिस्सा लेने पहुंचे थे। प्रतियोगिता में शामिल होने के बाद कुछ युवक तांदुला नहर के पास चले गए। इसी दौरान दो युवक नहर के तेज बहाव की चपेट में आ गए और पानी में बहने लगे। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने तुरंत उन्हें बचाने की कोशिश शुरू की। ग्रामीणों की तत्परता से एक युवक को किसी तरह सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। वहीं दूसरा युवक पानी के तेज बहाव में बह गया।
लापता युवक की पहचान शिवम के रूप में बताई गई है। उसकी उम्र करीब 17 वर्ष है और वह रायपुर के गुढ़ियारी इलाके का रहने वाला बताया जा रहा है। घटना की सूचना मिलते ही उतई थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस की सूचना पर SDRF की टीम को भी बुलाया गया, जिसके बाद नहर में युवक की तलाश शुरू की गई। तेज बहाव और नहर में पानी की स्थिति के कारण रेस्क्यू टीम को सर्च ऑपरेशन में मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। टीम संभावित स्थानों पर लगातार तलाश कर रही है।


