पटना 26 जुलाई 2026। जनशक्ति जनता दल (JJD) के प्रमुख तेज प्रताप यादव को पुलिस ने देर रात गिरफ्तार कर लिया। बिहार बंद के दौरान शनिवार को हुए प्रदर्शन के बाद पुलिस का आरोप है कि उन्होंने प्रदर्शनकारियों को उकसाया और कानून-व्यवस्था प्रभावित करने की कोशिश की। गिरफ्तारी से पहले उन्हें पटना के सिटी सेंट्रल मॉल इलाके से हिरासत में लिया गया था। उसके बाद पुलिस दीघा थाना व उसके बाद नौबतपुर थाने ले गई थी, उसके बाद अभी जज के आवास पर देर रात पेश किया गया है।
Patna, Bihar: Janshakti Janata Dal National President Tej Pratap Yadav was produced before a judge at the Patna Judge Complex in Chhajju Bagh pic.twitter.com/8xNLhecgBt
— IANS (@ians_india) July 25, 2026
पुलिस के मुताबिक पेपर लीक मामले और केंद्रीय शिक्षा मंत्री रहे धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर छात्र संगठनों AISA और RYA ने शनिवार को बिहार बंद का आह्वान किया था। इसी दौरान तेज प्रताप यादव पटना के रामगुलाम चौक पहुंचे और प्रदर्शन कर रहे छात्रों के समर्थन में धरने पर बैठ गए। कुछ देर बाद पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया। पुलिस वाहन में बैठाए जाने के दौरान तेज प्रताप यादव ने कहा, “हम छात्रों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े हैं। जरूरत पड़ी तो छात्रों के अधिकारों के लिए अपनी जान भी दे दूंगा।”
पुलिस का आरोप है कि प्रदर्शन के दौरान कुछ प्रदर्शनकारी उग्र हो गए। इस दौरान पुलिस पर पथराव किया गया और कई पुलिस वाहनों में तोड़फोड़ की गई। कानून-व्यवस्था बिगड़ने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कई लोगों को हिरासत में लिया, जिनमें तेज प्रताप यादव भी शामिल हैं। हालांकि, तेज प्रताप यादव या उनकी पार्टी की ओर से पुलिस के आरोपों पर विस्तृत प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
तेज प्रताप यादव की गिरफ्तारी के बाद मामला राजनीतिक रूप लेता दिख रहा है। विपक्षी दल इसे छात्र आंदोलन का समर्थन करने वाले नेताओं के खिलाफ कार्रवाई बता रहे हैं, जबकि पुलिस का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए नियमानुसार कार्रवाई की गई। अब इस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई और पुलिस जांच पर सभी की नजर रहेगी।

