वाराणसी 16 अगस्त 2026। बाबतपुर स्थित लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के टर्मिनल भवन में रविवार सुबह चेकिंग के दौरान लाइसेंसी पिस्टल से अचानक गोली चल गई। हादसे में एयरपोर्ट पर सुरक्षा सहायक के पद पर तैनात दो कर्मचारी घायल हो गए। दोनों को तत्काल हरहुआ स्थित न्यू लक्ष्मी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उनकी हालत सामान्य बताई है।
जानकारी के मुताबिक, आजमगढ़ के जीयनपुर थाना क्षेत्र के रामगढ़ गांव निवासी 55 वर्षीय कमलेश राय अपनी 50 वर्षीय पत्नी सुषमा राय के साथ मुंबई जाने के लिए एयरपोर्ट पहुंचे थे। चेकिंग के दौरान उनके ट्रैवलिंग बैग की जांच की गई, जिसमें लाइसेंसी पिस्टल मिली।बताया गया कि यात्री ने हथियार को विमान में ले जाने के लिए घोषित किया था। इसके बाद सुरक्षा जांच के दौरान बैग में रखी पिस्टल और कारतूस की जांच की जा रही थी। इसी दौरान अचानक पिस्टल से एक राउंड फायर हो गया।
गोली लगने से दो सुरक्षा कर्मी घायल
अचानक हुई फायरिंग में बिहार के गया जिले के बुनियादगंज थाना क्षेत्र के मानपुर निवासी सुमन कुमारी घायल हो गईं। गोली उनके दोनों पैरों की जांघ में लगी। वहीं, बिहार के नालंदा जिले के बिहारशरीफ थाना क्षेत्र के अंबेर, रोहेड़ी रोड निवासी रोहित राज के बाएं हाथ के अंगूठे में गोली लगी। दोनों घायल एयरपोर्ट पर सुरक्षा सहायक के पद पर कार्यरत हैं। घटना के बाद एयरपोर्ट परिसर में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।
फायरिंग के तुरंत बाद एयरपोर्ट प्रशासन ने दोनों घायलों को एंबुलेंस से हरहुआ स्थित न्यू लक्ष्मी हॉस्पिटल पहुंचाया। अस्पताल में दोनों का इलाज शुरू किया गया। डॉक्टरों के अनुसार दोनों की हालत सामान्य है और उपचार जारी है। गोली चलने की सूचना मिलते ही सहायक पुलिस उपायुक्त गोमती जोन, एसीपी पिंडरा-फूलपुर और थाना प्रभारी राजीव सिंह समेत पुलिस टीम एयरपोर्ट पहुंची। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और एयरपोर्ट सुरक्षा अधिकारियों से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि लाइसेंसी पिस्टल यात्री के ट्रैवलिंग बैग में भूलवश रह गई थी। हालांकि, पुलिस और एयरपोर्ट सुरक्षा एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि सुरक्षा जांच के दौरान हथियार से गोली किन परिस्थितियों में चली। इसके साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि हथियार की जांच और कारतूस की काउंटिंग के दौरान सुरक्षा प्रक्रिया में किसी स्तर पर चूक हुई थी या नहीं। घटना के बाद एयरपोर्ट परिसर में सुरक्षा व्यवस्था सामान्य बनी हुई है। पुलिस और एयरपोर्ट सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले की जांच कर रही हैं।


