रायपुर 13 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित कथित शराब घोटाले में बड़ी खबर सामने आई है। 2,883 करोड़ रुपये से अधिक के घोटाले में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी विकास अग्रवाल उर्फ सुब्बू को दुबई में गिरफ्तार किया गया है। बताया जा रहा है कि UAE की एजेंसियों ने अक्टूबर के तीसरे सप्ताह में उसे हिरासत में लिया था। सूत्रों के मुताबिक, विकास अग्रवाल को भारत लाने के लिए प्रत्यर्पण की प्रक्रिया आगे बढ़ चुकी है। इस संबंध में औपचारिकताएं लगभग पूरी होने की बात कही जा रही है। हालांकि, उसे भारत कब लाया जाएगा, इसकी आधिकारिक तारीख अभी सामने नहीं आई है।
प्रवर्तन निदेशालय (ED) की जांच के मुताबिक, विकास अग्रवाल कथित शराब सिंडिकेट के जमीनी स्तर पर वित्तीय प्रबंधन की जिम्मेदारी संभालता था। ED का आरोप है कि वर्ष 2019 से 2023 के बीच शराब दुकानों की बिक्री में कथित अनियमितता, खरीद कीमतों में हेरफेर और विदेशी शराब लाइसेंस से जुड़े कमीशन के जरिए सिंडिकेट ने 2,883 करोड़ रुपये से अधिक की अवैध कमाई की। विकास अग्रवाल को भारत लाए जाने के बाद ED उससे पूछताछ कर सकती है। माना जा रहा है कि उसकी गिरफ्तारी से कथित कमीशन नेटवर्क, वित्तीय लेन-देन और सिंडिकेट से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच को आगे बढ़ाने में मदद मिल सकती है। फिलहाल, गिरफ्तारी और प्रत्यर्पण से जुड़ी जानकारी की आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।


