जयपुर: 16 अक्टूबर 2026। राजस्थान बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद मदन राठौड़ के एक बयान को लेकर सियासत गरमा गई है। अमेरिका और पाकिस्तान के बीच युद्ध की काल्पनिक स्थिति का जिक्र करते हुए राठौड़ ने कहा कि….अगर दोनों देशों के बीच जंग होती है, तो भारत पाकिस्तान के साथ खड़ा होगा, क्योंकि वह हमारा पड़ोसी है।” उनका यह बयान सोशल मीडिया पर अब जमकर वायरल हो रहा है। वहीं राजस्थान बीजेपी के प्रदेध अध्यक्ष के इस बयान पर अब कांग्रेस ने बीजेपी को घेरना शुरू कर दिया है। कांग्रेस ने इस पर सवाल उठाते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से जवाब मांगा है।
जानकारी के मुताबिक राजस्थान बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ गुरुवार, 15 अक्टूबर को जयपुर स्थित बीजेपी के प्रदेश कार्यालय में पूर्व राष्ट्रपति और भारत रत्न डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम की जयंती पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान वह कलाम के विचारों और पड़ोसी देशों के साथ सहयोग की भावना पर बात कर रहे थे। इसी संदर्भ में उन्होंने अमेरिका और पाकिस्तान के बीच संभावित युद्ध का उदाहरण दिया और कहा कि ऐसी स्थिति में भारत पाकिस्तान के साथ खड़ा होगा, क्योंकि वह पड़ोसी देश है। साथ ही उन्होंने कहा कि यदि भारत और पाकिस्तान के बीच युद्ध होता है, तो वह भारत के साथ खड़े होंगे। उनके इस बयान का वीडियो सामने आने के बाद राजनीतिक बहस शुरू हो गई।
कांग्रेस ने PM मोदी और अमित शाह से मांगा जवाब
बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष के बयान पर कांग्रेस नेता शमा मोहम्मद ने सवाल उठाए। उन्होंने सोशल मीडिया पर वीडियो साझा करते हुए पूछा कि क्या प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह भी मदन राठौड़ की इस राय से सहमत हैं ? उन्होंने इस मामले में पार्टी की ओर से कार्रवाई किए जाने को लेकर भी सवाल किया। कांग्रेस ने इस टिप्पणी को पाकिस्तान के प्रति बीजेपी के रुख से जोड़कर निशाना साधा है। हालांकि इस मामले में बीजेपी की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया को लेकर स्पष्ट जानकारी सामने आना बाकी है।
राठौड़ का संबोधन डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम की जयंती के कार्यक्रम में हुआ था। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, वह कलाम की सादगी और पड़ोसियों की मदद करने की सीख का उल्लेख कर रहे थे। इसी दौरान दिए गए उदाहरण ने राजनीतिक विवाद का रूप ले लिया।
भारत और पाकिस्तान के बीच आतंकवाद और राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े मुद्दे लंबे समय से संवेदनशील रहे हैं। ऐसे में पाकिस्तान को लेकर किसी भी राजनीतिक नेता की टिप्पणी पर तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आना असामान्य नहीं है। इस मामले में भी बयान का वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर सवाल उठने लगे हैं।
अब बीजेपी की प्रतिक्रिया पर नजर
मदन राठौड़ राजस्थान बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष होने के साथ राज्यसभा सांसद भी हैं। ऐसे में उनके बयान को लेकर उठे सवाल पार्टी के लिए राजनीतिक चुनौती बन सकते हैं। कांग्रेस इस मुद्दे पर जवाब मांग रही है, जबकि बयान का पूरा संदर्भ और भारत-पाकिस्तान युद्ध को लेकर राठौड़ की कही गई बात भी चर्चा का हिस्सा है। अब निगाहें बीजेपी की आधिकारिक प्रतिक्रिया पर हैं। पार्टी इस बयान पर क्या स्पष्टीकरण देती है और क्या मदन राठौड़ खुद अपनी टिप्पणी को लेकर कोई विस्तृत बात रखते हैं, यह आने वाले समय में स्पष्ट होगा। फिलहाल, पड़ोसी देश के साथ संबंधों को लेकर दिया गया उनका बयान राजस्थान से निकलकर राष्ट्रीय राजनीति में चर्चा का विषय बन गया है।


