रायपुर 29 सितंबर 2026। बलरामपुर-रामानुजगंज के प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी मनीराम यादव को पद से हटा दिया गया है। स्कूल शिक्षा विभाग ने 28 सितंबर को तबादला आदेश जारी किया। यादव की जगह नरेंद्र कुमार निरापुरे को जिले का नया प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी बनाया गया है। विभागीय आदेश के मुताबिक मनीराम यादव को बलरामपुर-रामानुजगंज से हटाकर शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय परसा, विकासखंड अंबिकापुर, जिला सरगुजा में पदस्थ किया गया है। वहीं शासकीय हाई स्कूल कोराचा, विकासखंड मानपुर, जिला मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी के प्राचार्य नरेंद्र कुमार निरापुरे को बलरामपुर का प्रभारी DEO बनाया गया है।
गौरतलब है कि बलरामपुर डीईओं मनीराम यादव का तबादला ऐसे समय हुआ है जब उनके कार्यकाल के दौरान शिक्षा विभाग में हुई विभिन्न सामग्रियों की खरीदी को लेकर वित्तीय अनियमितताओं के आरोप सामने आए थे। मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक वित्तीय वर्ष 2025-26 में करीब 4.57 करोड़ रुपये के बजट से साइकिल, विज्ञान एवं तकनीकी सामग्री, फर्नीचर, स्वच्छता सामग्री, खेल सामग्री और स्टेशनरी समेत कई सामान खरीदे गए। इस पूरी प्रक्रिया में करीब 4.51 करोड़ रुपये के भुगतान और खरीदी प्रक्रिया में नियमों की अनदेखी के आरोप लगाए गए थे। इन आरोपों में फर्नीचर खरीदी भी प्रमुख रूप से चर्चा में रही।
मामले की जांच को लेकर जिला स्तर पर समिति गठित किए जाने और जांच में वित्तीय अनियमितताओं से जुड़े बिंदु सामने आने की बात कही गई थी। मामले को लेकर प्रशासनिक और राजनीतिक स्तर पर भी सवाल उठे थे। हालांकि, स्कूल शिक्षा विभाग के 28 सितंबर के आदेश में मनीराम यादव के तबादले की वजह स्पष्ट नहीं की गई है। आदेश में केवल उनकी नई पदस्थापना और नरेंद्र कुमार निरापुरे की नियुक्ति की जानकारी दी गई है। इसलिए तबादले को सीधे तौर पर खरीदी मामले की कार्रवाई कहना आधिकारिक रूप से पुष्ट नहीं है। हालांकि, करोड़ों रुपये की खरीदी में अनियमितताओं के आरोप और जांच के बीच हुआ यह प्रशासनिक बदलाव चर्चा में है।
अब नरेंद्र निरापुरे संभालेंगे जिम्मेदारी
नए प्रभारी DEO नरेंद्र कुमार निरापुरे के सामने जिले की शिक्षा व्यवस्था को संभालने के साथ-साथ लंबित विभागीय मामलों को आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी होगी। खासतौर पर खरीदी और वित्तीय अनियमितताओं से जुड़े मामलों में आगे क्या कार्रवाई होती है, इस पर भी नजर रहेगी। फिलहाल विभागीय आदेश से इतना स्पष्ट है कि मनीराम यादव को बलरामपुर-रामानुजगंज के प्रभारी DEO पद से हटा दिया गया है और नरेंद्र कुमार निरापुरे को तत्काल प्रभाव से नई जिम्मेदारी दी गई है।


