दंतेवाड़ा, 28 सितंबर 2026। दंतेवाड़ा जिले में सोमवार शाम दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। दंतेवाड़ा-बैलाडीला मार्ग पर कुम्हाररास के पास वेन्यू कार और बुलेट की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार एक सहायक सचिव की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके साथ मौजूद दूसरा सहायक सचिव गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के मुताबिक हादसा सोमवार शाम करीब 4 से 4:30 बजे के बीच हुआ। बताया जा रहा है कि वेन्यू कार बैलाडीला की ओर से दंतेवाड़ा आ रही थी। वहीं, बुलेट पर सवार दो सहायक सचिव दंतेवाड़ा से बैलाडीला की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान कुम्हाररास के पास दोनों वाहनों की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि बुलेट सवार धनीकरका निवासी सहायक सचिव रमेश मरकाम की मौके पर ही मौत हो गई। उनके साथ बाइक पर सवार वीरेन सेठिया गंभीर रूप से घायल हो गए।
दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही दंतेवाड़ा थाना प्रभारी धनंजय सिन्हा पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे।पुलिस ने मौके पर स्थिति संभालते हुए यातायात को व्यवस्थित कराया। गंभीर रूप से घायल वीरेन सेठिया को तत्काल अस्पताल भेजा गया। वहीं मृतक रमेश मरकाम के शव को भी अस्पताल भिजवाया गया।
पुलिस ने शव को आवश्यक कानूनी कार्रवाई और पंचनामा के लिए अस्पताल भेज दिया है। फिलहाल पुलिस वेन्यू कार और बुलेट की टक्कर किन परिस्थितियों में हुई, इसकी जांच कर रही है। हादसे के कारणों और दुर्घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी जुटाई जा रही है। फिलहाल इस हादसे में एक सहायक सचिव की मौत और दूसरे के गंभीर रूप से घायल होने से इलाके में शोक का माहौल है।


