कांकेर 25 सितंबर 2026। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में नेशनल हाईवे-30 पर मरकाटोला घाट में शुक्रवार को भीषण सड़क हादसा हो गया। डीजे वाली पिकअप और ट्रक के बीच हुई जोरदार भिड़ंत में 5 युवकों की मौत हो गई, जबकि 5 अन्य युवक घायल बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, हादसे के वक्त डीजे वाली पिकअप में कुल 10 युवक सवार थे। मरकाटोला घाट के पास पिकअप की ट्रक से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पिकअप बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में पिकअप सवार 5 युवकों की मौत हो गई। वहीं, 5 युवक घायल हुए हैं। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
यह दुर्घटना कांकेर, बालोद और धमतरी जिले की सीमा क्षेत्र में आने वाले मरकाटोला घाट में हुई है। यह इलाका नेशनल हाईवे-30 पर स्थित है और घाट क्षेत्र होने के कारण यहां सड़क दुर्घटनाओं को लेकर पहले भी चिंता बनी रहती है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत-बचाव टीम मौके पर पहुंची। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाने और घायलों को अस्पताल पहुंचाने की कार्रवाई की गई। पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।


