बालोद 21 सितंबर 2026। बालोद जिले में डौंडीलोहारा-राजनांदगांव मुख्य मार्ग पर रविवार रात दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। परसुली के पास तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार पिता और दो बच्चों को सामने से टक्कर मार दी। हादसे में 3 वर्षीय बच्चे और उसके 12 वर्षीय चचेरे भाई की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि बाइक चला रहे बच्चों के पिता गंभीर रूप से घायल हैं। हादसे के बाद कार चालक और उसका साथी वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने इस घटना पर अपराध दर्ज कर फरार कार चालक की पतासाजी में जुट गयी है।
जानकारी के मुताबिक परसुली निवासी पवन सोनकर रविवार रात अपने 3 वर्षीय बेटे और 12 वर्षीय भतीजे के साथ बाइक क्रमांक CG 24 S 1107 से घर के पास गणेश उत्सव देखने के लिए निकले थे। इसी दौरान डौंडीलोहारा की ओर से देवरी की तरफ जा रही कार क्रमांक CG 08 AT 360 ने परसुली के पास बाइक को सामने से टक्कर मार दी। ग्रामीणों के अनुसार, कार चालक वाहन को रॉन्ग साइड में लेकर आ रहा था। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार तीनों सड़क पर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
आसपास मौजूद ग्रामीण तत्काल घायलों की मदद के लिए पहुंचे और पुलिस व एंबुलेंस को सूचना दी। सूचना मिलते ही डायल 112 और एंबुलेंस की टीम मौके पर पहुंची। तीनों घायलों को उपचार के लिए देवरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर सभी को राजनांदगांव रेफर किया गया। राजनांदगांव में उपचार के दौरान पवन सोनकर के 3 वर्षीय बेटे और 12 वर्षीय भतीजे की मौत हो गई। वहीं पवन सोनकर का इलाज जारी है और उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। एक ही हादसे में दो बच्चों की मौत की खबर से परसुली गांव में मातम पसरा हुआ है। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है।
कार मौके पर छोड़कर फरार हुए चालक और साथी
हादसे के बाद कार चालक और उसमें सवार उसका साथी वाहन को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गए। सूचना मिलने पर देवरी पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त कार को जब्त कर लिया। पुलिस ने कार के नंबर के आधार पर फरार चालक और उसके साथी की तलाश शुरू कर दी है। हादसा किस वजह से हुआ और कार चालक की भूमिका क्या थी, इसकी जांच की जा रही है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और फरार आरोपितों की तलाश की जा रही है।


