कोरबा 18 सितंबर 2026। कोरबा जिले में पाली क्षेत्र के ग्राम नुनेरा में एक दर्दनाक हादसे ने तीन परिवारों की खुशियां छीन लीं। यहां गांव के अलगू तालाब में नहाने गईं तीन मासूम बच्चियों की डूबने से मौत की जानकारी के बाद हड़कंप मच गया। तीनों बच्चियों की उम्र 7 और 8 वर्ष की बतायी जा रही है। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण और गोताखोरों की मदद से बचाव कार्य शुरू किया गया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुका था। तीनों बच्चियां एक ही बस्ती की रहने वाली थीं और आपस में सहेलियां थीं। हादसे की खबर मिलते ही पूरे गांव में शोक व्याप्त है। पुलिस ने इस घटना पर मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक घटना पाली थाना क्षेत्र के ग्राम नुनेरा का है। पुलिस के मुताबिक गांव में रहने वाली इंदु अगरिया पिता दुर्जन, राखी पिता मलखम और साधना पिता सुखसिंह गुरुवार को स्कूल नहीं गई थीं, तीनों बच्चियां घर पर ही थीं। दोपहर के समय वे नहाने के लिए गांव के अलगू तालाब पहुंच गईं। बताया जा रहा है कि उस समय तालाब के आसपास कोई मौजूद नहीं था। नहाने के दौरान तीनों बच्चियां तालाब के गहरे पानी में चली गईं और डूब गईं। काफी देर तक जब वे घर नहीं लौटीं तो परिजनों को चिंता होने लगी।
परिजन और ग्रामीण बच्चियों की तलाश करते हुए तालाब पहुंचे। वहां तीनों के कपड़े और चप्पल पड़े मिले। इससे परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई। इसी दौरान एक ग्रामीण की नजर तालाब के पानी में तैर रहे शव पर पड़ी। शव की पहचान इंदु अगरिया के रूप में हुई। इसके बाद ग्रामीणों की भीड़ तालाब के पास जुट गई और पुलिस को घटना की सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पाली थाना प्रभारी मनोज कौशिक पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस और ग्रामीणों ने तालाब में उतरकर बाकी दोनों बच्चियों की तलाश शुरू की।
काफी देर तक चले खोज अभियान के बाद राखी और साधना के शव भी बरामद कर लिए गए। एक साथ तीन बच्चियों की मौत की खबर से उनके परिवारों में कोहराम मच गया। पुलिस ने तीनों बच्चियों के शवों का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में मर्ग कायम किया गया है। प्रारंभिक जांच में तीनों की मौत पानी में डूबने से होने की बात सामने आई है। तीन मासूम सहेलियों की एक साथ मौत से नुनेरा गांव में मातम पसरा है। हादसे के बाद ग्रामीणों के बीच तालाब जैसे खुले जलस्रोतों के पास बच्चों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बढ़ गई है।


