बस्तर 14 सितंबर 2026। छत्तीसगढ़ के बस्तर में एक वीडियो को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। कांग्रेस ने मरोड़ा में बीजेपी विधायक विक्रम उसेंडी के सामने ग्रामीणों के विरोध और नारेबाजी का वीडियो जारी कर साय सरकार के सुशासन और विकास के दावों पर सवाल उठाए हैं। कांग्रेस का आरोप है कि सरकार भले ही विकास और सुशासन के दावे कर रही हो, लेकिन जमीनी हकीकत इससे अलग है। छत्तीसगढ़ कांग्रेस ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर वीडियो साझा करते हुए आरोप लगाया कि बीजेपी के कथित सुशासन में लोगों को अपनी मूलभूत सुविधाओं के लिए सड़क पर उतरकर जनप्रतिनिधियों का रास्ता रोकना पड़ रहा है।
भाजपा के सुशासन में हाल ये है कि जनता को अपनी मूलभूत सुविधाओं के लिए सड़कों पर उतरकर विधायकों का रास्ता रोकना पड़ रहा है।
मरोड़ा में विधायक विक्रम उसेंडी के पहुंचते ही स्थानीय लोगों ने विरोध और नारेबाजी कर अपनी नाराजगी जाहिर की।
जब अपने हक़ के लिए जनता को सड़क पर उतरना पड़े, तो सरकार के विकास के दावों की हकीकत की पोल खुल रही है।
— INC Chhattisgarh (@INCChhattisgarh) September 14, 2026
जानकारी के मुताबिक ये वीडियों बस्तर के मरोड़ा का बताया जा रहा है। जहां बीजेपी विधायक विक्रम उसेंडी के सामने स्थानीय ग्रामीणों ने मूलभूत सुविधाओं की मांग और स्थानीय समस्या बताते हुए नाराज हो गये। विधायक उसेंडी ग्रामीणों की बात सुनते हुए उन्हे समझाने की कोशिश भी करते नजर आ रहे है। लेकिन इसी बीच पीछे से कुछ ग्रामीण सरकार मुर्दाबाद के भी नारे लगाने लग जाते है। सोशल मीडिया में वायरल इस वीडियों को लेकर अब कांग्रेस सरकार के विकास के दावों पर सवाल खड़ी कर रही है। कांग्रेस ने इस घटनाक्रम को सरकार के विकास के दावों से जोड़ते हुए कहा कि जब जनता को अपनी बुनियादी जरूरतों के लिए सड़क पर उतरकर विरोध करना पड़े, तो सरकार के सुशासन और विकास के दावों की जमीनी हकीकत पर सवाल उठना लाजिमी है।
कांग्रेस ने अपने पोस्ट में बीजेपी सरकार पर सीधा निशाना साधते हुए कहा कि जनता को मूलभूत सुविधाओं के लिए अपने विधायक के सामने विरोध करने की नौबत क्यों आ रही है। पार्टी का कहना है कि सरकार की ओर से विकास और सुशासन को लेकर लगातार दावे किए जाते हैं, लेकिन ग्रामीण इलाकों में अगर लोगों को अपनी समस्याएं बताने के लिए सड़क पर उतरना पड़े और जनप्रतिनिधि के सामने नाराजगी जाहिर करनी पड़े, तो इन दावों की वास्तविकता पर सवाल खड़े होते हैं। कांग्रेस ने वीडियो को साय सरकार के सुशासन के दावों की पोल खोलने वाला घटनाक्रम बताते हुए सरकार को घेरने की कोशिश की है।
बस्तर में ‘विकास’ के दावों पर फिर सियासी घमासान
बस्तर में मूलभूत सुविधाओं और विकास के मुद्दे पर बीजेपी और कांग्रेस के बीच पहले भी राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप होते रहे हैं। अब मरोड़ा के इस वीडियो ने कांग्रेस को सरकार पर हमला बोलने का एक और मौका दे दिया है। हालांकि, कांग्रेस के आरोपों के बीच ग्रामीणों की ओर से उठाई गई समस्याओं और उनकी मांगों का पूरा विवरण सामने आना बाकी है। वहीं, विधायक विक्रम उसेंडी और बीजेपी की ओर से कांग्रेस के इन आरोपों पर प्रतिक्रिया सामने आने के बाद मामले की तस्वीर और साफ होगी। फिलहाल कांग्रेस इस वीडियो के जरिए बीजेपी सरकार के सुशासन और विकास के दावों को सीधे सवालों के घेरे में खड़ा कर रही है।


