कोरबा 13 सितंबर 2026। कोरबा जिले के करतला क्षेत्र में रविवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक युवक शराब के नशे में करीब 150 फीट ऊंचे हाईटेंशन टॉवर पर चढ़ गया। युवक टॉवर के सबसे ऊपरी हिस्से में जाकर बैठ गया। नीचे परिवार और ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई, लेकिन काफी समझाने के बावजूद वह उतरने को तैयार नहीं हुआ। करीब छह घंटे तक पुलिस और प्रशासन की समझाइश के बाद युवक सुरक्षित नीचे उतर आया। राहत की बात यह रही कि इस दौरान कोई अप्रिय घटना नहीं हुई।
जानकारी के मुताबिक ये पूरा घटनाक्रम करतला थाना क्षेत्र का है। युवक की पहचान देव सिंह राठिया के रूप में हुई है। वह शादीशुदा है और उसके दो बच्चे हैं, घटना के समय वह शराब के नशे में था। दोपहर के वक्त वह गांव के पास मौजूद करीब 150 फीट ऊंचे हाईटेंशन टॉवर पर चढ़ने लगा। लोगों ने उसे रोकने की कोशिश की, लेकिन वह देखते ही देखते टॉवर के सबसे ऊपरी हिस्से तक पहुंच गया। हाईटेंशन लाइन के बेहद करीब युवक के पहुंचने से मौके पर मौजूद लोगों की चिंता बढ़ गई। स्थिति ऐसी थी कि एक छोटी सी चूक भी जानलेवा साबित हो सकती थी। युवक को टॉवर पर चढ़ा देखकर उसकी पत्नी, बच्चे और ग्रामीण नीचे जमा हो गए।
परिवार के लोग लगातार उसे नीचे उतरने के लिए आवाज लगाते रहे। बताया जा रहा है कि युवक कभी थोड़ा नीचे आता तो फिर ऊपर चढ़ जाता। लोगों ने उससे यह जानने की भी कोशिश की कि आखिर वह इतनी ऊंचाई पर क्यों चढ़ा, लेकिन उसने कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया। यानी नीचे परिवार की चिंता बढ़ती रही और ऊपर युवक टॉवर पर बैठा रहा। मामले की सूचना मिलते ही करतला थाना प्रभारी गणेश यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तहसीलदार को भी मौके पर बुलाया गया। हाईटेंशन लाइन के कारण पुलिस और प्रशासन ने बेहद सावधानी से युवक को नीचे उतारने की कोशिश शुरू की।
अधिकारियों और ग्रामीणों की ओर से लगातार बातचीत और समझाइश का दौर चलता रहा। करीब छह घंटे तक चले समझाइश अभियान के बाद देव सिंह आखिरकार नीचे उतरने के लिए तैयार हुआ। उसके सुरक्षित जमीन पर आते ही मौके पर मौजूद परिवार और ग्रामीणों के साथ पुलिसकर्मियों ने भी राहत की सांस ली। इस घटना में सबसे बड़ा सवाल यही है कि युवक आखिर 150 फीट ऊंचे हाईटेंशन टॉवर पर क्यों चढ़ा था। फिलहाल इसके पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। शराब के नशे में होने की बात सामने आई है, लेकिन टॉवर पर चढ़ने के पीछे उसकी मंशा क्या थी, इसकी जानकारी अभी सामने नहीं आई है।


