कोरबा 8 सितंबर 2026। कोरबा में मोबाइल की बढ़ती लत और उसके खतरनाक असर को लेकर बेहद गंभीर मामला सामने आया है। रील और सीरियल देखने की आदत के बीच मोबाइल का नेटवर्क चले जाने से परेशान एक महिला ने आत्मघाती कदम उठाते हुए कीटनाशक का सेवन कर लिया। बताया जा रहा है कि महिला के कीटनाशक सेवन के बाद पति ने उसे उल्टी कराने के लिए गोबर का पानी पिलाया गया। लेकिन हालत में सुधार नहीं होने पर उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गयी।
जानकारी के मुताबिक घटना करतला थाना क्षेत्र के ग्राम केराकछार की है। यहां प्रेमलाल सारथी मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता है। उसकी पत्नी मंगलो बाई और तीन बच्चे हैं। परिजनों के मुताबिक मंगलो बाई को मोबाइल पर रील और सीरियल देखने की काफी आदत थी।बताया जा रहा है कि शनिवार दोपहर करीब 12 बजे मंगलो बाई खाना खाने के दौरान मोबाइल पर रील देख रही थी। इसी दौरान अचानक मोबाइल का नेटवर्क चला गया और रील बंद हो गई।
कुछ देर इंतजार करने के बाद भी नेटवर्क नहीं आया तो वह कथित तौर पर काफी परेशान और गुस्से में आ गई। गुस्से में उसने मोबाइल जमीन पर पटक दिया और कमरे में चली गई। उसने अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। करीब 10 मिनट बाद वह बाहर आई और बरामदे में बैठ गई। कुछ देर बाद उसे लगातार उल्टियां होने लगीं। शुरुआत में परिवार को लगा कि उसकी तबीयत अचानक खराब हुई है। लेकिन उल्टी से कीटनाशक जैसी दुर्गंध आने पर परिजनों को शक हुआ।
कमरे की तलाशी लेने पर वहां कीटनाशक का खाली डिब्बा मिला। इसके बाद परिवार को उसके कीटनाशक पीने का अंदेशा हुआ। परिजन तत्काल डायल-112 की मदद से उसे करतला स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उसे संजीवनी एक्सप्रेस से कोरबा मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया। यहां उपचार के दौरान रविवार को उसकी मौत हो गई।
अस्पताल ले जाने से पहले पति ने पिलाया गोबर का पानी
मृतका के पति प्रेमलाल ने पुलिस को बताया कि गांव में चली आ रही एक पुरानी मान्यता के चलते अस्पताल ले जाने से पहले उन्होंने मंगलो को उल्टी कराने के लिए गोबर का पानी भी पिलाया था। हालांकि उसकी हालत में सुधार नहीं हुआ और बाद में उसे अस्पताल ले जाया गया। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गयी। यह घटना सिर्फ एक महिला की मौत की कहानी नहीं, बल्कि मोबाइल और शॉर्ट वीडियो की बढ़ती निर्भरता को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े करती है।
कुछ सेकंड की रील देखने से शुरू होने वाली आदत कब इतनी गहरी हो जाती है कि मोबाइल में आई छोटी-सी परेशानी भी व्यक्ति के व्यवहार और भावनाओं पर असर डालने लगे, यह घटना उसकी गंभीर तस्वीर सामने रखती है। हालांकि, महिला ने आत्मघाती कदम क्यों उठाया, इसकी पूरी वजह पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगी। फिलहाल घटना ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है और तीन बच्चों के सिर से मां का साया उठ गया है।


