राजनांदगांव 4 सितंबर 2026। राजनांदगांव जिले में प्रॉपर्टी डीलर की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पैसों के लेनदेन और प्रॉपर्टी से जुड़े विवाद को लेकर एक दोस्त ने अपने ही दोस्त की बेरहमी से हत्या कर दी। आरोपी ने पहले फोन कर प्रॉपर्टी डीलर को अपने किराए के मकान पर बुलाया। यहां दोनों के बीच विवाद हुआ और बात इतनी बढ़ गई कि आरोपी ने डंडे से हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया। हत्या के बाद आरोपी ने शव को चादर में लपेटकर कमरे के अंदर रख दिया और बाहर से ताला लगाकर मौके से फरार हो गया। हालांकि पुलिस को घटना की भनक लग गई और लाश को ठिकाने लगाने से पहले ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
जानकारी के मुताबिक राजनांदगांव के मोतीपुर रामनगर निवासी अर्जुन वाधवानी प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करता था। बुधवार 2 सितंबर की रात उसके दोस्त सुनील वर्मा ने उसे फोन किया और अपने किराए के मकान पर बुलाया। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच पिछले कुछ समय से पैसों के लेनदेन और प्रॉपर्टी से जुड़े मामलों को लेकर विवाद चल रहा था। इसके अलावा अर्जुन द्वारा सुनील की बाइक अपने पास रखे जाने की बात भी सामने आई है। इसी बाइक को लेकर भी दोनों के बीच विवाद था। पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक कमरे में दोनों के बीच पुराने लेनदेन को लेकर बातचीत चल रही थी। इसी दौरान विवाद बढ़ गया। आरोप है कि सुनील ने गुस्से में आकर अर्जुन पर डंडे से हमला कर दिया।
हमले में अर्जुन के सिर पर गंभीर चोट आई और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी ने कथित तौर पर शव को छिपाने की कोशिश की। उसने अर्जुन के शव को बेडशीट में लपेटकर कमरे के अंदर रख दिया और बाहर से ताला लगा दिया। इसके बाद वह मौके से फरार हो गया। लेकिन आरोपी की यह कोशिश ज्यादा देर तक नहीं चल सकी। पुलिस को घटना की जानकारी मिल गई और टीम मौके पर पहुंची। पुलिस जब आरोपी के किराए के मकान पर पहुंची तो कमरा बाहर से बंद मिला। पुलिस ने जब ताला खोलने की कोशिश की तो सुनील ने इसका विरोध किया। उसने पुलिस को बताया कि कमरे के अंदर कुछ नहीं है।पुलिस को उसकी बातों पर संदेह हुआ।
इसके बाद पुलिस ने ताला तोड़कर कमरे के अंदर प्रवेश किया। कमरे में अर्जुन का शव पड़ा मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। राजनांदगांव के एडिशनल एसपी कीर्तन राठौर के मुताबिक, शुरुआती जांच में मृतक और संदेही सुनील वर्मा के बीच उधारी, प्रॉपर्टी डीलिंग और बाइक को लेकर विवाद की बात सामने आई है। पुलिस को आशंका है कि इन्हीं विवादों के चलते हत्या की गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के अन्य तथ्यों के आधार पर हत्या की परिस्थितियों को और स्पष्ट किया जाएगा। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि दोनों के बीच पैसों और प्रॉपर्टी को लेकर विवाद की असल वजह क्या थी और हत्या की वारदात किस परिस्थिति में हुई।


