कोरबा 28 अगस्त 2026। रक्षाबंधन के पावन पर्व पर कोरबा में भाई-बहन के रिश्ते की अनूठी तस्वीर देखने को मिली। नगर विधायक और कैबिनेट मंत्री लखन लाल देवांगन के डी-1, पंचवटी स्थित शासकीय निवास में आयोजित “बहनी मन संग राखी के तिहार” कार्यक्रम में हजारों बहनें पहुंचीं। बहनों ने मंत्री को तिलक लगाया, आरती उतारी और उनकी कलाई पर रक्षासूत्र बांधकर स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की। सुबह से ही मंत्री के निवास पर बहनों की भीड़ जुटने लगी थी, राखी बांधने के लिए लंबी कतारें लगी रहीं। बहनों ने आत्मीयता और स्नेह के साथ मंत्री देवांगन को राखी बांधी। पूरे कार्यक्रम में रक्षाबंधन के साथ भाई-बहन के विश्वास और अपनत्व की झलक देखने को मिली।
कार्यक्रम के दौरान मंत्री लखन लाल देवांगन ने कहा कि पार्षद से लेकर कोरबा नगर निगम के महापौर, कटघोरा विधायक, संसदीय सचिव और अब कोरबा विधायक एवं कैबिनेट मंत्री बनने तक कोरबा की बहनों ने उन्हें जिस आत्मीयता से अपना भाई माना और स्नेह व आशीर्वाद दिया, उसके लिए वह हृदय से आभारी हैं। उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के प्रेम का पर्व नहीं है, बल्कि यह विश्वास, सम्मान और सुरक्षा के संकल्प का भी प्रतीक है। राखी का यह पवित्र धागा भाई को बहन के सम्मान और सुख-दुःख में हर परिस्थिति में साथ खड़े रहने की जिम्मेदारी से जोड़ता है।
महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण पर सरकार का फोकस
मंत्री देवांगन ने कहा कि प्रदेश सरकार की नीतियों के केंद्र में माताओं और बहनों का सम्मान, आर्थिक स्वावलंबन और खुशहाली है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में 13 लाख 85 हजार से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। उन्होंने कहा कि स्व-सहायता समूहों से जुड़कर महिलाएं अपने परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत करने के साथ ही गांवों की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती दे रही हैं। मंत्री ने कहा कि महतारी वंदन योजना के माध्यम से प्रदेश की करीब 68 लाख बहनों को हर महीने आर्थिक सहायता दी जा रही है। इस राशि का उपयोग महिलाएं अपनी जरूरतों, बच्चों की पढ़ाई और सिलाई-कढ़ाई समेत विभिन्न आजीविका गतिविधियों में कर रही हैं।
उन्होंने कहा कि आर्थिक सहायता से महिलाओं का आत्मविश्वास बढ़ने के साथ-साथ परिवार में उनकी निर्णय लेने की क्षमता भी मजबूत हो रही है। कार्यक्रम में महापौर संजू देवी राजपूत, रायपुर संभाग के सह प्रभारी डॉ. राजीव सिंह, जिला उपाध्यक्ष प्रफुल्ल तिवारी, महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष प्रीति स्वर्णकार समेत बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता मौजूद रहे।रक्षाबंधन के इस आयोजन में बहनों की बड़ी भागीदारी ने कार्यक्रम को खास बना दिया। मंत्री के निवास पर सुबह से लेकर काफी देर तक राखी बांधने पहुंचने वाली बहनों का सिलसिला जारी रहा।


