बिलासपुर 28 अगस्त 2026: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर एयरपोर्ट पर शुक्रवार दोपहर बड़ा हादसा टल गया। दिल्ली से बिलासपुर पहुंची अलायंस एयर की फ्लाइट की लैंडिंग के दौरान अचानक टायर फट गया। टायर फटने की तेज आवाज से विमान में सवार यात्रियों में दहशत फैल गई। हालांकि पायलट ने सूझबूझ दिखाते हुए विमान को सुरक्षित रोक लिया। हादसे में विमान में सवार सभी 35 यात्री सुरक्षित हैं।
जानकारी के मुताबिक अलायंस एयर की फ्लाइट दिल्ली से बिलासपुर पहुंची थी। रनवे पर विमान की लैंडिंग सामान्य तरीके से हुई, लेकिन लैंडिंग के बाद जब विमान रनवे पर आगे बढ़ रहा था, तभी उसका एक टायर अचानक फट गया। टायर फटने की आवाज सुनकर विमान में बैठे यात्री घबरा गए। कुछ देर के लिए एयरपोर्ट पर अफरा-तफरी जैसी स्थिति बन गई। हालांकि, पायलट ने विमान को नियंत्रित करते हुए सुरक्षित रोक लिया।
विमान के रुकते ही एयरपोर्ट पर मौजूद स्टाफ सक्रिय हो गया। सभी यात्रियों को सुरक्षित विमान से बाहर निकाला गया। किसी यात्री के घायल होने की सूचना नहीं है। हादसे के बाद विमान की तकनीकी जांच की जा रही है। टायर फटने की वजह क्या थी, इसकी जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है।इसी विमान को बिलासपुर से प्रयागराज के लिए रवाना होना था। लेकिन टायर फटने की घटना के बाद प्रयागराज जाने वाली फ्लाइट को कैंसिल कर दिया गया है।
हालांकि फ्लाइट कैंसिल होने को लेकर एयरपोर्ट प्रबंधन की ओर से अभी आधिकारिक जानकारी जारी नहीं की गई है। फिलहाल यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए विमान की तकनीकी स्थिति की जांच की जा रही है। शुरुआती जानकारी में सबसे राहत की बात यही है कि लैंडिंग के दौरान टायर फटने के बावजूद विमान पूरी तरह नियंत्रण में रहा और सभी 35 यात्री सुरक्षित बाहर निकल आए।


