कोरिया 28 अगस्त 2026। छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले में एसईसीएल की पाण्डोपारा परियोजना में ठेका कंपनी टीएमसी के स्टोर से करीब 50 लाख रुपये के स्पेयर पार्ट्स चोरी होने के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस के मुताबिक, चोरों ने रात में स्टोर की छत की सीट उखाड़कर अंदर प्रवेश किया और कोयला उत्खनन में इस्तेमाल होने वाली मशीनों के महंगे पार्ट्स चोरी कर लिए। चोरी के बाद माल को पहले जंगल में छिपाया गया और फिर कबाड़ी के जरिए बेचने की कोशिश की गई। पुलिस ने मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की निशानदेही पर करीब 40 लाख रुपये कीमत के तांबा, पीतल और कांसा धातु से बने स्पेयर पार्ट्स बरामद किए गए हैं। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से तीन तलवार, टॉर्च, मोबाइल फोन और 1500 रुपये नकद भी जब्त किए हैं। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
जानकारी के मुताबिक चोरी की ये सनसनीखेज वारदात कोरिया जिले के थाना पटना थाना क्षेत्र का है। बताया जा रहा है कि यहां संचालित एसईसीएल की पाण्डोपारा माइंस में कोयला खनन का ठेका टीएमसी कंपनी को दिया गया है। पुलिस के मुताबिक 21-22 अगस्त की दरम्यानी रात करीब 1:34 बजे 9 से 10 लोगों के समूह ने स्टोर में चोरी की वारदात को अंजाम दिया। आरोपियों ने स्टोर की छत की सीट उखाड़ी और अंदर दाखिल होकर एसईसीएल की मशीनों में इस्तेमाल होने वाले महंगे स्पेयर पार्ट्स चोरी कर लिए। चोरी किए गए सामान में तांबा, पीतल और कांसा धातु से बने कई पार्ट्स शामिल थे। पुलिस की जांच में सामने आया कि वारदात के बाद आरोपी चोरी किए गए सामान को एक साथ लेकर नहीं गए। उन्होंने माल को बड़सरा जंगल में छिपाकर रखा था।
अगले दिन इसे चरचा निवासी कबाड़ी अब्दुल वासिब उर्फ गोलू के जरिए बेचने की कोशिश की गई। पुलिस के मुताबिक, कबाड़ी अपने वाहन से सामान लेकर आया था। चोरी के माल का कुछ हिस्सा उसके घर पर रखा गया, जबकि बाकी सामान दूसरे कबाड़ी को बेच दिया गया था। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने कबाड़ी के कब्जे से करीब 40 लाख रुपये कीमत के स्पेयर पार्ट्स बरामद किए हैं। पुलिस ने आरोपियों के पास से तीन तलवारें भी बरामद की हैं। पूछताछ में सामने आया कि वारदात के दौरान किसी के विरोध करने पर इन हथियारों का इस्तेमाल करने की तैयारी थी। इसके अलावा आरोपियों से टॉर्च, मोबाइल और 1500 रुपये नकद भी बरामद हुए हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने चोरी किए गए धातु के पार्ट्स को बेचकर आर्थिक लाभ कमाने की योजना बनाई थी।
चार आरोपी गिरफ्तार, बाकी की तलाश
मामले में पुलिस ने किशन कुमार, मंगलराम उर्फ गोलू, करन और अब्दुल वासिब उर्फ गोलू मियां को गिरफ्तार किया है। चारों को 27 अगस्त 2026 को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ पटना, चरचा और बैकुंठपुर थाना क्षेत्रों में चोरी के पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड भी हैं। टीएमसी के प्रोजेक्ट मैनेजर श्यामल मैती की शिकायत पर थाना पटना में अपराध क्रमांक 228/2026 के तहत मामला दर्ज किया गया था। इसके बाद पुलिस अधीक्षक हरीश राठौर और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक सिंह के निर्देश पर थाना पटना और साइबर सेल की टीम ने जांच शुरू की।मुखबिर की सूचना के आधार पर संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसके बाद चोरी की पूरी कड़ी सामने आई। पुलिस का कहना है कि चोरी हुए माल में से आधे से ज्यादा की बरामदगी की जा चुकी है। अब शेष सामान की तलाश के साथ फरार आरोपियों और वारदात में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है।


