रायपुर 27 अगस्त 2026। छत्तीसगढ़ के हजारों युवाओं के लिए वन विभाग से जुड़ी बड़ी खबर सामने आई है। प्रदेश में 1484 वनरक्षक पदों पर भर्ती प्रक्रिया को अब तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है। शारीरिक मापदंड और शारीरिक दक्षता परीक्षा में सफल रहे 16,762 अभ्यर्थी अब लिखित परीक्षा में शामिल होंगे। वनरक्षक भर्ती की लिखित परीक्षा 13 दिसंबर 2026 को आयोजित की जाएगी। लंबे समय से भर्ती प्रक्रिया के अगले चरण का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों के लिए परीक्षा की तारीख तय होना अहम माना जा रहा है। भर्ती प्रक्रिया के तहत शारीरिक मापदंड एवं शारीरिक दक्षता परीक्षा सफलतापूर्वक पूरी करने वाले अभ्यर्थियों को लिखित परीक्षा के लिए पात्र माना गया है।
अब कुल 16,762 उम्मीदवार 1484 वनरक्षक पदों के लिए होने वाली लिखित परीक्षा में अपनी दावेदारी पेश करेंगे।इस तरह लिखित परीक्षा में शामिल होने वाले उम्मीदवारों के बीच पदों को लेकर कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिलेगी।वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप के विशेष प्रयासों और भर्ती प्रक्रिया की लगातार समीक्षा के बाद लंबित मामलों का तेजी से निराकरण किया गया है। इसके बाद लिखित परीक्षा का कार्यक्रम समयबद्ध तरीके से तय किया गया है। मंत्री ने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि युवाओं के भविष्य से जुड़ी इस भर्ती प्रक्रिया को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पारदर्शी तरीके से जल्द पूरा किया जाए।
वन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि प्रदेश के हजारों युवा लंबे समय से इस भर्ती के अवसर का इंतजार कर रहे हैं और पूरी लगन से परीक्षा की तैयारी कर रहे हैं। सरकार युवाओं के परिश्रम, सपनों और आकांक्षाओं का सम्मान करती है। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि भर्ती प्रक्रिया समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से पूरी हो, ताकि योग्य युवाओं को जल्द रोजगार के साथ प्रदेश की सेवा करने का अवसर मिल सके। अब अभ्यर्थियों की नजर 13 दिसंबर 2026 को होने वाली लिखित परीक्षा पर है। 1484 पदों के लिए 16,762 उम्मीदवारों के बीच होने वाली यह परीक्षा भर्ती प्रक्रिया का महत्वपूर्ण चरण होगी।


