भिलाई 14 अगस्त। दुर्ग जिले के भिलाई-3 स्थित रेलवे के पीपी यार्ड में गुरुवार देर शाम CBI की छापामार कार्रवाई से हड़कंप मच गया। दिल्ली से पहुंची केंद्रीय जांच एजेंसी की टीम ने यार्ड में देर रात तक दस्तावेजों और रिकॉर्ड की जांच की। कार्रवाई के दौरान रेलवे के एक वरिष्ठ अधिकारी के चेंबर को सील किए जाने की जानकारी सामने आई है। बताया जा रहा है कि एक ठेकेदार की शिकायत के आधार पर यह कार्रवाई की गई है।
सूत्रों के अनुसार, पीपी यार्ड में पदस्थ एक वरिष्ठ रेलवे अधिकारी के खिलाफ एक ठेकेदार ने CBI से शिकायत की थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि ठेकेदार के बिल को पास करने के एवज में कथित तौर पर बड़ी रकम की मांग की गई। शिकायत मिलने के बाद CBI ने मामले को गंभीरता से लेते हुए यार्ड में जांच शुरू की। CBI की टीम ने कार्रवाई के दौरान सीनियर डीएमई के.अनमोल उईके के चेंबर को सील कर दिया।
टीम कार्यालय में मौजूद दस्तावेजों, फाइलों और अन्य रिकॉर्ड की जांच कर रही है। बताया जा रहा है कि जांच के दौरान कुछ महत्वपूर्ण दस्तावेजों और रिकॉर्ड को खंगाला गया है। जानकारी के मुताबिक CBI की टीम गुरुवार देर शाम दिल्ली से भिलाई पहुंची थी। इसके बाद पीपी यार्ड में कार्रवाई शुरू की गई। देर रात तक जांच चलती रही। शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे टीम ने दोबारा कार्यालय पहुंचकर दस्तावेजों और संबंधित रिकॉर्ड की जांच शुरू की।
शिकायत के आधार पर जांच, कार्रवाई का इंतजार
CBI की इस कार्रवाई को लेकर रेलवे विभाग में भी चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। हालांकि अभी तक CBI की ओर से मामले को लेकर कोई आधिकारिक विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। फिलहाल जांच एजेंसी दस्तावेजों और शिकायत से जुड़े रिकॉर्ड की पड़ताल कर रही है। बिल पास करने के बदले रकम मांगने के आरोपों में कितनी सच्चाई है और इस मामले में आगे क्या कार्रवाई होगी, यह CBI की जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।


