सक्ती 7 अगस्त 2026। सक्ती जिले के एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय में कक्षा 9वीं के छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में केंद्र सरकार के जनजातीय कार्य मंत्रालय ने बड़ा प्रशासनिक एक्शन लिया है। मंत्रालय ने विद्यालय के प्राचार्य मनोज गुप्ता को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। छात्र की मौत के बाद मामला लगातार सुर्खियों में बना हुआ था। घटना को गंभीरता से लेते हुए जनजातीय कार्य मंत्रालय, नई दिल्ली ने पूरे प्रकरण की जांच के आदेश दिए हैं।
जानकारी के मुताबिक सक्ती जिले के पलाड़ी खुर्द स्थित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय के छात्रावास के बाथरूम में कक्षा 9वीं के छात्र का शव फांसी के फंदे पर मिला था। घटना के बाद छात्रावास की सुरक्षा व्यवस्था, निगरानी प्रणाली और प्रबंधन की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठे थे। परिजनों ने भी व्यवस्थाओं को लेकर नाराजगी जताई थी और निष्पक्ष जांच की मांग की थी। इसी बीच जनजातीय कार्य मंत्रालय ने मामले का संज्ञान लेते हुए जांच के निर्देश जारी किए ।
वहीं इस घटना की प्रशासनिक जिम्मेदारी तय करते हुए प्राचार्य मनोज गुप्ता को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। मंत्रालय का यह कदम इस बात का संकेत माना जा रहा है कि छात्रावासों में बच्चों की सुरक्षा और जवाबदेही के मामलों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अब जांच रिपोर्ट पर सभी की निगाहें टिकी हैं। जांच के आधार पर छात्र की मौत के कारणों, छात्रावास प्रबंधन की भूमिका और यदि किसी स्तर पर लापरवाही सामने आती है तो संबंधित अन्य अधिकारियों के खिलाफ भी आगे की कार्रवाई की जा सकती है।

