रायपुर 4 अगस्त 2026। छत्तीसगढ़ में पुलिस की लगातार कार्रवाई और जागरूकता अभियानों के बावजूद सड़कों पर स्टंटबाजी के मामलों में कमी आती नहीं दिख रही है। राजधानी से लगे नवा रायपुर से सामने आए एक वायरल वीडियो ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और सोशल मीडिया की ‘रील संस्कृति’ पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे वीडियो में कुछ युवक चलती कार पर खतरनाक स्टंट करते नजर आ रहे हैं। कोई कार के बोनट पर लेटकर रील बना रहा है, तो कोई तेज रफ्तार वाहन में चढ़ने की कोशिश करता दिखाई दे रहा है। वहीं कुछ युवक कार के सनरूफ से बाहर निकलकर वीडियो शूट करते नजर आते हैं।
गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ में इससे पहले भी कई बार कार और बाइक से रेस लगाने, व्हीली करने और सार्वजनिक सड़कों पर खतरनाक स्टंट करने वाले युवाओं के खिलाफ पुलिस कार्रवाई कर चुकी है। बावजूद इसके युवाओं में स्टंटबाजी और जान जोखिम में डालकर रील्स बनाने का जूनून उतरने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला रायपुर के नवा रायपुर का है, जहां कुछ युवक कार की बोनट पर लेटकर, सनरूफ के उपर बैठने के साथ ही दरवाजा खोलकर खतरनाक ढंग से कार चलाते दिख रहे है। वीडियों वायरल होने के बाद एक बार फिर पुलिस इन युवकों की तलाश में जुट गयी है।
आपको बता दे इससे पहले भी ऐसे मामलों पर पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए चालान काटे गए, वाहन जब्त किए गए और आपराधिक प्रकरण भी दर्ज किए गए। इसके बावजूद सोशल मीडिया पर वायरल होने की चाह में युवा लगातार नियमों की अनदेखी करते नजर आ रहे हैं। सोशल मीडिया पर लोकप्रिय होने की होड़ अब कई युवाओं को जोखिम भरे कदम उठाने के लिए प्रेरित कर रही है। लेकिन सार्वजनिक सड़कों पर इस तरह के स्टंट न केवल कानून का उल्लंघन हैं, बल्कि एक छोटी सी चूक जानलेवा हादसे में भी बदल सकती है।
ऐसे में सवाल यही है कि जब लगातार कार्रवाई के बावजूद स्टंटबाजी नहीं रुक रही, तो क्या अब केवल चालान और केस दर्ज करना काफी है, या फिर सड़क सुरक्षा को लेकर और सख्त एवं प्रभावी कदम उठाने की जरूरत है ? हालांकि माना जा रहा है कि वायरल फुटेज के आधार पर वाहन की पहचान कर उसमें सवार युवकों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट और अन्य संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की जा सकती है।


