बालोद 2 अगस्त 2026। फ्रेंडशिप डे मनाने निकले दोस्तों के लिए रविवार का दिन दर्दनाक साबित हुआ। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में हुए भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा इतना भयावह था कि ट्रक बाइक को करीब 200 मीटर तक घसीटता ले गया, जिससे बाइक में आग लग गई और दोनों युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जुट गई। दुर्घटना में दोनों युवकों के शव बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गए थे।
पुलिस के मुताबिक हादसा रविवार शाम करीब 4:30 बजे बालोद शहर से लगभग तीन किलोमीटर दूर दल्लीराजहरा मार्ग पर गोंदली नहर के आगे हुआ। मृतकों की पहचान जगन्नाथपुर निवासी गेमन लाल देशमुख (21) और परसदा निवासी अरुण साहू (23) के रूप में हुई है। दोनों अपने दोस्त के साथ फ्रेंडशिप डे के मौके पर घूमने निकले थे।हादसे में याशु देशमुख (18) गंभीर रूप से घायल हुआ है, जो उसी बाइक पर सवार था। वहीं दूसरी बाइक पर सवार नरेंद्र निषाद और पोषण कुमार गोयल भी घायल हुए हैं। प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायलों को बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया है।
पुलिस के अनुसार सिकोसा की ओर से दल्लीराजहरा जा रही एक बाइक पहले ट्रक से टकराई। इसके बाद तेज रफ्तार ट्रक ने सामने चल रही स्प्लेंडर बाइक को अपनी चपेट में ले लिया, जिस पर तीन युवक सवार थे। टक्कर के बाद याशु देशमुख सड़क के दूसरी ओर जा गिरा, लेकिन बाइक चला रहे गेमन लाल देशमुख और पीछे बैठे अरुण साहू ट्रक के पहियों के नीचे आ गए। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि बाइक को ट्रक करीब 200 मीटर तक घसीटता ले गया। सड़क पर लगातार घर्षण होने से बाइक में आग लग गई और वह पूरी तरह जलकर खाक हो गई।
सूचना मिलने के करीब 40 मिनट बाद फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया।प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, याशु देशमुख ने करीब एक महीने पहले यह स्प्लेंडर बाइक खरीदी थी। बाइक के दस्तावेज संबंधी औपचारिकताएं पूरी कराने के लिए वह दल्लीराजहरा गया था। उसके साथ दोस्त गेमन लाल देशमुख और अरुण साहू भी थे। काम पूरा करने के बाद तीनों वापस लौट रहे थे, तभी रास्ते में यह दर्दनाक हादसा हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी है। वहीं इस हादसे के बाद मृतकों के गांवों में मातम पसरा हुआ है। फ्रेंडशिप डे पर दोस्तों के साथ निकले दो युवकों की मौत ने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया है।

