रायपुर 29 जुलाई 2026। राजधानी रायपुर के तेलीबांधा इलाके में देर रात करीब 1 बजे भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, आग एक हार्डवेयर दुकान में लगी और देखते ही देखते आसपास की दुकानों तक फैल गई। आग की चपेट में ऑक्टोपस बार समेत कई दुकानें आ गईं। घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की 13 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। आग इतनी भीषण थी कि तेज बारिश के बावजूद दमकल कर्मियों को आग पर काबू पाने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी।
सुबह तक आग पूरी तरह नहीं बुझ सकी थी और इलाके से लगातार धुआं उठता रहा। तेलीबांधा थाना प्रभारी अजय झा के मुताबिक, आग की शुरुआत हार्डवेयर दुकान से हुई थी। आग की चपेट में आने से ऑक्टोपस बार समेत तीन दुकानों को भारी नुकसान हुआ है।फिलहाल आग लगने की वजह साफ नहीं हो सकी है। दमकल और पुलिस की टीमें मौके पर मौजूद हैं और आग को पूरी तरह बुझाने के साथ ही नुकसान का आकलन किया जा रहा है। घटना में किसी के हताहत होने की जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।

