रायपुर 28 जुलाई 2026। राजधानी रायपुर में सोशल मीडिया पर वायरल एक कथित ‘प्राइवेट पूल पार्टी’ के पोस्टर ने पुलिस और प्रशासन का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है। पोस्टर में 4,999 रूपये एंट्री फीस के साथ एक सीक्रेट लोकेशन पर पूल पार्टी आयोजित करने का दावा किया गया है। आयोजन स्थल का पता सार्वजनिक नहीं किया गया है। दावा है कि भुगतान करने के बाद ही प्रतिभागियों को लोकेशन भेजी जाएगी। पोस्टर वायरल होने के बाद पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।
वायरल पोस्टर में मॉडल्स और एक्ट्रेस के साथ इंटरेक्शन, लिमिटेड एंट्री और एक्सक्लूसिव इवेंट जैसे दावे किए गए हैं। हालांकि, आयोजकों की पहचान और कार्यक्रम की सत्यता को लेकर अब तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। इसी वजह से पुलिस इसे गंभीरता से लेते हुए पोस्टर की प्रामाणिकता की जांच कर रही है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, सबसे पहले यह पता लगाया जा रहा है कि पोस्टर किसी वास्तविक आयोजन से जुड़ा है या केवल सोशल मीडिया पर प्रचार के उद्देश्य से तैयार किया गया है।
इसके साथ ही पोस्टर साझा करने वाले सोशल मीडिया अकाउंट्स, आयोजकों की पहचान और उनके नेटवर्क की भी पड़ताल की जा रही है। जांच एजेंसियां इस बात की भी पुष्टि कर रही हैं कि यदि इस तरह का कोई आयोजन प्रस्तावित है, तो क्या इसके लिए प्रशासन और संबंधित विभागों से आवश्यक अनुमति ली गई है। आयोजन स्थल की जानकारी जुटाने के साथ-साथ संभावित आयोजकों की गतिविधियों पर भी नजर रखी जा रही है।इस बीच, कथित पूल पार्टी को लेकर बजरंग दल ने भी आपत्ति जताई है।
संगठन का कहना है कि राजधानी में पहले भी इस तरह के पोस्टर सामने आते रहे हैं और यदि बिना अनुमति ऐसा कोई आयोजन किया जाता है तो उसका विरोध किया जाएगा। फिलहाल पुलिस किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले सभी तथ्यों की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि वायरल पोस्टर किसी वास्तविक आयोजन से जुड़ा है या यह केवल सोशल मीडिया पर प्रसारित एक भ्रामक प्रचार है। तब तक किसी भी दावे की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

