कोरबा 27 जुलाई 2026। कोरबा जिले के पाली के सुदूर वनांचल हर्राडीह गांव में शनिवार-रविवार की दरम्यानी रात हुई हत्या की सनसनीखेज वारदात ने पूरे इलाके को दहला दिया। अज्ञात हमलावरों ने घर में सो रहे एक दंपति पर धारदार हथियार से हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। इसके कुछ ही दूरी पर अकेले रहने वाली 65 वर्षीय वृद्धा की हत्या कर शव जंगल में फेंक दिया गया। एक ही रात में हुई इन दो वारदातों ने इलाके में भय और दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। इस वारदात की जानकारी के बाद कोरबा एसपी सिद्धार्थ तिवारी खुद घटनास्थल पर पहुंचे। वहीं पुलिस ने वारदात के कुछ ही घंटे बाद हत्यारे को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक हत्या और हत्या के प्रयास का ये सनसनीखेज मामला पाली थाना क्षेत्र का है। पुलिस के मुताबिक रविवार सुबह चैतमा पुलिस चौकी को घटना की सूचना मिली। शिकायतकर्ता बजरंग धनुहार ने बताया कि उसके मामा चैतराम धनुहार और मामी परमिला धनुहार रात में घर में सो रहे थे। इसी दौरान अज्ञात बदमाशों ने धारदार हथियार से दोनों पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में चैतराम धनुहार के चेहरे और जबड़े पर गंभीर चोटें आई हैं, जबकि उनकी पत्नी भी गंभीर रूप से घायल हैं। दोनों का अस्पताल में इलाज जारी है। इसी दौरान हमलावरों ने दंपति के घर से करीब 100 मीटर दूर अकेले रह रही उसकी 65 वर्षीय मां समारिन बाई को भी निशाना बनाया और धारदार हथियार से हमला कर दसकी हत्या कर दी।
हत्या के बाद शव को पास के जंगल में फेंक दिया गया। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस ने शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।दोहरी वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी वरिष्ठ अधिकारियोंए फॉरेंसिक टीम और अतिरिक्त पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए हैं और आसपास के जंगलों में सघन सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया। पुलिस तकनीकी साक्ष्यों और स्थानीय लोगों से पूछताछ के आधार पर आरोपी हीरालाल धनुहार को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने खुलासा किया कि मृतिका का नाती दामाद हीरालाल धनुहार अपनी पत्नी पर चरित्र शंका करता था। उसे मृतिका के बेटे पर संदेह था। जिसे लेकर उसने रविवार की देर रात इस सनसनीखेज वारदात को अंजाम और मृतिका और उसके बेटे और बहू पर लाठी से जानलेवा हमला कर हत्या की कोशिश की। आरोपी से पूछताछ के बाद हुए इस खुलासे पर पुलिस ने उसके खिलाफ अपराध दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है।

