कोरबा 25 जुलाई 2026। कोरबा जिले में शनिवार को तेज बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से बड़ा हादसा हो गया। बताया जा रहा है कि हादसा उस समय हुआ, जब किसान खेत में धान की रोपाई कर रहे थे। इसी दौरान तेज बारिश के बीच अचानक आकाशीय बिजली खेत में गिरने से किसान उसकी चपेट में आ गये। कटघोरा थाना क्षेत्र के सलोरा-छुरी गांव में हुए इस हादसे में खेत में काम कर रहे 3 किसानों की दर्दनाक मौत हो गयी। हादसे के बाद गांव में शोक की लहर है।
जानकारी के मुताबिक घटना कटघोरा थाना क्षेत्र के छुरी बकरा बाजार सब-स्टेशन के पीछे स्थित खेत की है। बताया जा रहा है कि शनिवार को गांव के करीब 25 से 30 किसान एक साथ धान की रोपाई कर रहे थे। दोपहर बाद अचानक मौसम बदला और तेज बारिश शुरू हो गई। इसी दौरान खेत की मेढ़ पर आकाशीय बिजली गिरी, जिसकी चपेट में तीन किसान आ गए। हादसे के बाद खेत में मौजूद अन्य किसानों और ग्रामीणों ने तीनों घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कटघोरा पहुंचाया।
अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद तीनों को मृत घोषित कर दिया। कटघोरा के बीएमओ डॉ. रश्मि सिंह कंवर ने बताया कि तीनों किसानों को अस्पताल लाया गया था, लेकिन जांच में उनकी पहले ही मौत हो चुकी थी। उन्होंने कहा कि नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है। मृतकों की पहचान बहुरन पाटले, लक्ष्मीचंद पटेल और श्याम साहू के रूप में हुई है। तीनों सलोरा-छुरी गांव के निवासी थे और आपस में रिश्तेदार बताए जा रहे हैं। घटना की सूचना मिलते ही कटघोरा पुलिस मौके पर पहुंची।
पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है। हादसे के कारणों और परिस्थितियों की जांच की जा रही है। जिला प्रशासन ने बताया कि मृत किसानों के परिजनों को शासन की ओर से मिलने वाली आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। राजस्व विभाग आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर रहा है। बारिश के मौसम में आकाशीय बिजली गिरने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले खेतों और पेड़ों के नीचे काम करने से बचने तथा मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करने की अपील की है।

