रायपुर 22 जुलाई 2026। राजधानी रायपुर में बुधवार को रैली के दौरान हुई हिंसा में ड्यूटी पर तैनात 16 पुलिस जवान घायल हो गए। पुलिस के मुताबिक कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए बैरिकेडिंग के दौरान कुछ लोगों ने अचानक पुलिस पर पत्थर और बोतलें फेंक दीं, जिससे कई जवान घायल हो गए। घायलों में एक महिला आरक्षक भी शामिल हैं, जबकि दो पुलिसकर्मियों को गंभीर चोटें आई हैं।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस कमिश्नर संजीव शुक्ला अस्पताल पहुंचे और भर्ती पुलिस जवानों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। उन्होंने चिकित्सकों से घायलों की स्थिति और इलाज की जानकारी ली तथा सभी को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने जवानों का हौसला बढ़ाते हुए उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना भी की।
घायल जवान कलेश्वर वर्मा ने बताया कि बैरिकेडिंग के दौरान भीड़ के बीच फंस जाने से उन्हें सांस लेने में दिक्कत हुई, जिसके बाद उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया। वहीं प्रशिक्षु उप निरीक्षक (PSI) देवराज सिंह के सिर पर बोतल लगने से गंभीर चोट आई है और उनका इलाज चिकित्सकों की निगरानी में जारी है।
पुलिस के अनुसार, अन्य घायल आरक्षकों को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। घटना के समय पुलिस बल रैली को नियंत्रित करने और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में तैनात था। मामले की जांच की जा रही है। अस्पताल में पुलिस कमिश्नर के साथ डीसीपी (मध्य) तारकेश्वर पटेल, एसीपी नीलेश द्विवेदी, टीआई राजेश मरई सहित कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी मौजूद रहे।

