बिलासपुर 22 जुलाई 2026। ।बिलासपुर जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना ने पारिवारिक रिश्तों को शर्मसार कर दिया। तखतपुर थाना क्षेत्र के कुशमुली गांव में एक पिता ने अपने ही बेटे की डंडे और कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या कर दी। शुरुआती जांच में सामने आया है कि मृतक की शराब की लत, आए दिन की मारपीट और गाली-गलौज से पूरा परिवार लंबे समय से परेशान था। सोमवार रात विवाद इतना बढ़ा कि पिता ने गुस्से में बेटे की जान ले ली।
पुलिस के मुताबिक, मृतक विजेंद्र श्रीवास शराब पीने का आदी था। परिजनों के अनुसार वह अक्सर नशे में घर लौटकर परिवार के सदस्यों से झगड़ा करता और मारपीट करता था। घटना वाली रात भी वह शराब के नशे में घर पहुंचा और विवाद शुरू कर दिया।रोज-रोज के तनाव से परेशान पिता मोहित राम श्रीवास का धैर्य जवाब दे गया। आरोप है कि उन्होंने पहले डंडे से और फिर कुल्हाड़ी से बेटे पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर चोटों के कारण विजेंद्र ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही तखतपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची।
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आरोपी पिता को हिरासत में ले लिया गया। पुलिस हत्या का मामला दर्ज कर पूछताछ कर रही है।प्रारंभिक जांच में पुलिस घरेलू कलह और शराब की लत को हत्या की मुख्य वजह मान रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि घटना के समय घर में कौन-कौन मौजूद था और विवाद किस कारण हिंसक हुआ। यह वारदात एक बार फिर उस सामाजिक संकट की ओर इशारा करती है, जहां शराब की लत केवल एक व्यक्ति नहीं, बल्कि पूरे परिवार को तबाही की ओर धकेल देती है। इस घटना में एक बेटे की जान चली गई और एक पिता अब हत्या के आरोप में सलाखों के पीछे है।

