रायपुर19 जुलाई 2026। राजधानी रायपुर में दोस्ती को शर्मसार कर देने वाली वारदात सामने आई है। शराब पार्टी के बहाने बुलाए गए 22 वर्षीय युवक पर उसके ही दोस्तों ने पेट्रोल डालकर आग लगा दी। गंभीर रूप से झुलसे युवक ने सात दिन तक जिंदगी और मौत से जंग लड़ने के बाद दम तोड़ दिया। घटना के बाद परिजनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी में देरी और जांच में लापरवाही का आरोप लगाते हुए सरस्वती नगर थाने का घेराव कर कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के मुताबिक रामसागर पारा निवासी सोनू (18), जो मृतक का स्कूल का दोस्त बताया जा रहा है, 12 जुलाई की शाम शाकिब को शराब पार्टी का बहाना बनाकर सुयश अस्पताल के पीछे हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी के पास स्थित खाली मैदान में ले गया था। आरोप है कि वहां किसी बात को लेकर विवाद हो गया, जिसके बाद शाकिब और उसकी बाइक पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी गई। आग की चपेट में आने से शाकिब गंभीर रूप से झुलस गया, जबकि उसकी बाइक भी पूरी तरह जलकर खाक हो गई। आसपास के लोगों की सूचना पर डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और उसे अस्पताल में भर्ती कराया।
सात दिनों तक चले इलाज के बाद रविवार को उसकी मौत हो गई। मृतक की बहन शहरबान ने बताया कि सोनू और शाकिब के बीच पहले भी बाइक को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद दोनों की बातचीत बंद हो गई थी। परिजनों का दावा है कि घटना के बाद आरोपियों में शामिल एक युवक ने फोन कर कहा, “मेरी गलती है…मेरी गलती से वह जल गया।” इस कथित स्वीकारोक्ति के बाद परिवार ने इसे सुनियोजित हमला बताया है।परिजनों का आरोप है कि सोनू ब्लिंकिट में काम करता था और वह लगातार शाकिब पर भी वहीं काम करने का दबाव बना रहा था। परिवार ने इसका विरोध किया था। उनका कहना है कि पुरानी रंजिश और इसी विवाद के चलते वारदात को अंजाम दिया गया।
पुलिस की कार्रवाई पर उठे सवाल
मृतक के चचेरे भाई मोहम्मद वाजिद अली का आरोप है कि घटना के बाद से परिवार लगातार आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहा है, लेकिन अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि घटनास्थल का समय पर वैज्ञानिक तरीके से निरीक्षण नहीं किया गया और पुलिस की कार्रवाई बेहद धीमी रही। शाकिब की मौत के बाद रविवार को बड़ी संख्या में परिजन सरस्वती नगर थाने पहुंचे और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी के साथ निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। वहीं पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। आरोपियों की तलाश के लिए टीम गठित की गई है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार करने का दावा किया गया है। फिलहाल पुलिस जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है।

