कोरबा, 16 जुलाई 2026। कोरबा जिले में आवारा कुत्तों के हमले ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। मानिकपुर चौकी क्षेत्र के दादर इलाके में 5 साल के एक मासूम पर आवारा कुत्तों के झुंड ने इतना खौफनाक हमला किया कि उसकी मौत हो गई। बताया जा रहा है कि मासूम बच्चा अपने पिता से मिलकर अकेले घर लौट रहा था, तभी आवारा कुत्तों के झूंड ने उस पर हमला कर दिया और शरीर के कई हिस्सों को बुरी तरह से नोंचकर मार डाला। घटना के बाद इलाके में दहशत और लोगों में निगम प्रशासन के खिलाफ नाराजगी है।
जानकारी के मुताबिक यह घटना मानिकपुर पुलिस चौकी के दादर क्षेत्र में गुरूवार की शाम घटित हुआ। पुलिस के मुताबिक जांजगीर-चांपा जिले का रहने वाला प्रकाश पटेल अपने परिवार के साथ दादर क्षेत्र में रहकर मजदूरी करता है। गुरुवार शाम करीब 4 बजे उसका 5 वर्षीय बेटा, जो पहली कक्षा में पढ़ता था, पिता से मिलने मजदूरी स्थल पर पहुंचा था। कुछ देर बाद वह अकेले घर लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में 5 से 6 आवारा कुत्तों के झुंड ने उस पर हमला कर दिया।
बच्चे की चीख-पुकार सुनकर पिता दौड़ते हुए मौके पर पहुंचे।उसने देखा कि कुत्ते मासूम को घसीट-घसीटकर बुरी तरह नोच रहे थे। किसी तरह कुत्तों को भगाकर बच्चे को अपने कब्जे में लिया, लेकिन तब तक उसके सिर, गर्दन और शरीर के अन्य हिस्सों पर गंभीर जख्म हो चुके थे। परिजन तत्काल बच्चे को जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही मानिकपुर चौकी पुलिस अस्पताल पहुंची। अस्पताल से मिले मेमो के आधार पर मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
पहले भी हो चुके हैं हमले, फिर भी नहीं हुई कार्रवाई
स्थानीय लोगों का कहना है कि दादर और आसपास के क्षेत्रों में आवारा कुत्तों का आतंक लगातार बढ़ रहा है। राहगीरों, स्कूली बच्चों और बुजुर्गों पर कई बार हमले हो चुके हैं। कई बार शिकायतें भी की गईं, लेकिन आवारा कुत्तों को पकड़ने या उनकी संख्या नियंत्रित करने के लिए कोई प्रभावी अभियान नहीं चलाया गया। घटना के बाद ग्रामीणों और परिजनों ने प्रशासन से तत्काल विशेष अभियान चलाकर आवारा कुत्तों को पकड़ने और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि पहले ही ठोस कार्रवाई की गई होती, तो एक मासूम की जान बचाई जा सकती थी।

