दुर्ग 16 जुलाई 2026। रायपुर-दुर्ग नेशनल हाईवे-53 पर आज गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक परिवार की खुशियां पलभर में उजड़ गईं। तेज रफ्तार स्कूटी सड़क किनारे खड़े ऑक्सीजन सिलेंडरों से लदे ट्रैक्टर से जा टकराई। हादसा इतना भीषण था कि स्कूटी सवार दो महिलाओं और दो मासूम बच्चियों समेत चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। जिस तत्काल उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बतायी जा रही है।
पुलिस के मुताबिक हादसा कुम्हारी थाना क्षेत्र में सुबह करीब 10 से 10:30 बजे के बीच हुआ। बताया जा रहा है कि भिलाई-3 निवासी अमृता निर्मलकर (28) स्कूटी चला रही थीं। उनके साथ लक्ष्मी निर्मलकर (26), यासना (7), डाली (4) और भावेश (8) सवार थे। सभी उतई से रायपुर के बसंत विहार स्थित अपने रिश्तेदार के घर जा रहे थे। इसी दौरान स्कूटी सड़क किनारे खड़े ट्रैक्टर के पिछले हिस्से से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि अमृता, लक्ष्मी, यासना और डाली ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
गंभीर रूप से घायल भावेश को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे एम्स रायपुर रेफर किया गया। उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। घटना की सूचना मिलते ही कुम्हारी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने चारों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सुपेला मॉर्च्युरी भेज दिया है। दुर्घटनाग्रस्त ट्रैक्टर को जब्त कर लिया गया है, जबकि चालक भोला यादव को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह तेज रफ्तार और सड़क किनारे खड़े ट्रैक्टर से टक्कर मानी जा रही है।
हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। यह हादसा एक बार फिर नेशनल हाईवे पर सड़क किनारे खड़े भारी वाहनों की सुरक्षा व्यवस्था और तेज रफ्तार के खतरे को लेकर गंभीर सवाल खड़े करता है। लगातार हो रहे ऐसे हादसे यह संकेत देते हैं कि हाईवे पर पार्किंग नियमों और सड़क सुरक्षा मानकों के सख्ती से पालन की जरूरत है, ताकि ऐसी त्रासदियों को रोका जा सके।

