रायपुर 15 जुलाई 2026। छत्तीसगढ़ विधानसभा के मानसून सत्र के तीसरे दिन आज बुधवार को सदन में स्वास्थ्य, कानून-व्यवस्था, महिला सुरक्षा, रोजगार, शिक्षा, ग्रामीण विकास और वन विभाग से जुड़े कई अहम मुद्दों पर सरकार को जवाब देना होगा। प्रश्नकाल के दौरान विपक्ष सरकार को विभिन्न मामलों में घेरने की तैयारी में है, जबकि सत्ता पक्ष के विधायक भी कई विभागों से जुड़े सवाल उठाएंगे। इसके अलावा ध्यानाकर्षण प्रस्तावों में इंद्रावती टाइगर रिजर्व में बाघों के शिकार और सरकारी प्रेस में कथित अनियमितताओं का मामला भी सदन में गूंजने की संभावना है।
प्रश्नकाल की शुरुआत स्वास्थ्य विभाग से जुड़े सवालों के साथ होगी। पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस विधायक भूपेश बघेल प्रदेश में अमानक दवाओं की खरीदी का मुद्दा उठाएंगे। वे स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल से पूछेंगे कि गुणवत्ता मानकों पर खरी नहीं उतरने वाली दवाओं की खरीद के मामलों में अब तक क्या कार्रवाई की गई है और भविष्य में ऐसी खरीद रोकने के लिए सरकार ने क्या व्यवस्था की है। इसी विषय पर भाजपा विधायक सुशांत शुक्ला भी छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विसेज कॉर्पोरेशन (CGMSC) के माध्यम से दवाओं की खरीद प्रक्रिया और गुणवत्ता नियंत्रण को लेकर सरकार से जवाब मांगेंगे। ऐसे में स्वास्थ्य विभाग से जुड़े मुद्दों पर सदन में विस्तृत चर्चा होने के आसार हैं।
महिला सुरक्षा और रेप-हत्या के मामलों पर घेराव
कांग्रेस विधायक संगीता सिन्हा प्रदेश में महिलाओं और नाबालिग बच्चियों के साथ रेप और हत्या की घटनाओं का मामला सदन में उठाएंगी। वे गृह विभाग से पिछले वर्षों में दर्ज मामलों, चालान, दोषसिद्धि और महिलाओं की सुरक्षा के लिए उठाए गए कदमों की जानकारी मांगेंगी। इस मुद्दे पर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी बहस होने की संभावना है।
गृह विभाग से जुड़े कई अहम सवाल
मुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा के विभाग से जुड़े कई महत्वपूर्ण सवाल भी सदन में उठेंगे। पूर्व नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक प्लेसमेंट एजेंसियों में कार्यरत कर्मचारियों के पुलिस सत्यापन की व्यवस्था पर सरकार से जवाब मांगेंगे। भाजपा विधायक सुनील सोनी प्रदेश में फायर स्टेशनों की संख्या, संसाधनों और अग्निशमन सुविधाओं की स्थिति पर सवाल उठाएंगे। इसी तरह ग्रामीण विकास से जुड़े मुद्दों में विधायक प्रबोध मिंज प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत स्वीकृत और निर्माणाधीन सड़कों की प्रगति की जानकारी मांगेंगे।
वहीं कांग्रेस विधायक विद्यावती सिदार कौशल विकास योजना के तहत युवाओं को मिले रोजगार, प्रशिक्षण और प्लेसमेंट के आंकड़ों पर सरकार से जवाब चाहेंगी। तकनीकी शिक्षा के मुद्दे पर भाजपा विधायक भावना बोहरा तकनीकी विश्वविद्यालयों और इंजीनियरिंग कॉलेजों में नकलविहीन एवं पारदर्शी परीक्षा प्रणाली को लेकर तकनीकी शिक्षा मंत्री खुशवंत साहेब से जानकारी लेंगी।
ध्यानाकर्षण में गूंजेगा इंद्रावती टाइगर रिजर्व का मामला
प्रश्नकाल के बाद ध्यानाकर्षण प्रस्तावों में नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत, विधायक शेषराज हरवंश और विक्रम मंडावी इंद्रावती टाइगर रिजर्व में बाघों के शिकार के मामलों को उठाएंगे। विपक्ष वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग से जवाब मांगते हुए वन्यजीव संरक्षण की व्यवस्था पर सवाल खड़ा करेगा। इसके अलावा सरकारी प्रेस में प्रिंटिंग कार्य में कथित अनियमितताओं का मामला भी ध्यानाकर्षण के जरिए सदन में उठने की संभावना है।

