नई दिल्ली 1 जुलाई 2026। महीने के पहले दिन आम लोगों और खासकर होटल, रेस्तरां व छोटे कारोबारियों को महंगाई से राहत मिली है। तेल विपणन कंपनियों ने 19 किलो वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में 183.50 रुपये तक की कटौती की है। नई दरें बुधवार से लागू हो गई हैं। हालांकि 14.2 किलो वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है। नई कीमतों के मुताबिक दिल्ली में 19 किलो वाले कमर्शियल सिलेंडर की कीमत 3,113.50 रुपये से घटकर 2,930 रुपये हो गई है। यह इस साल पहली बार है जब कमर्शियल गैस सिलेंडर के दामों में इतनी बड़ी कमी की गई है।
5 किलो वाला सिलेंडर भी सस्ता
तेल कंपनियों ने 5 किलो वाले एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में भी कटौती की है। दिल्ली में इसकी कीमत 821.50 रुपये से घटकर 808.50 रुपये कर दी गई है। यानी उपभोक्ताओं को 13 रुपये की राहत मिलेगी। कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में बड़ी राहत के बावजूद घरेलू उपभोक्ताओं को फिलहाल कोई राहत नहीं मिली है। 14.2 किलो वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में इस बार भी कोई बदलाव नहीं किया गया है। कमर्शियल सिलेंडर के दाम घटने से होटल, रेस्तरां, ढाबों और छोटे व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की परिचालन लागत कम होने की उम्मीद है। इसका असर आने वाले दिनों में खाद्य पदार्थों और अन्य सेवाओं की कीमतों पर भी देखने को मिल सकता है।
प्रमुख शहरों में नई कीमतें
देश के अन्य महानगरों में भी कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में राहत दी गई है।
- दिल्ली: 3,113.50 रुपये से घटकर 2,930 रुपये (183.50 रुपये की कमी)
- कोलकाता: 3,255.50 रुपये से घटकर 3,081.50 रुपये (174 रुपये की कमी)
- मुंबई: 3,067.50 रुपये से घटकर 2,885.50 रुपये (182 रुपये की कमी)
- चेन्नई: 3,283 रुपये से घटकर 3,106 रुपये (177 रुपये की कमी)

