रायपुर 30 जून 2026। छत्तीसगढ़ के करीब 76 लाख बिजली उपभोक्ताओं को कल 1 जुलाई से बड़ा झटका लगने वाला है। छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत नियामक आयोग की ओर से मंजूर नई बिजली दरें बुधवार से पूरे प्रदेश में लागू हो जाएंगी। नई व्यवस्था के तहत सभी श्रेणियों के उपभोक्ताओं के बिजली बिल में औसतन 6.23 प्रतिशत की बढ़ोतरी की गई है। इसका असर यह होगा कि उपभोक्ताओं को प्रति यूनिट 30 से 50 पैसे तक अधिक भुगतान करना पड़ेगा। हालांकि, बिजली दरों में बढ़ोतरी के बीच उपभोक्ताओं को कुछ राहत भी दी गई है। आयोग ने लेट पेमेंट पर लगने वाले ब्याज के नियम में बदलाव किया है।
अब बिजली बिल समय पर जमा नहीं होने पर पूरे महीने का सरचार्ज नहीं लगेगा। पहले एक दिन की देरी होने पर भी 1.5 प्रतिशत मासिक ब्याज वसूला जाता था, लेकिन अब प्रतिदिन 0.04 प्रतिशत की दर से ही लेट फीस लगेगी। यानी उपभोक्ता जितने दिन की देरी करेगा, उसे सिर्फ उतने ही दिनों का ब्याज देना होगा। नई टैरिफ व्यवस्था में कई महत्वपूर्ण बदलाव भी किए गए हैं। स्थानीय निकायों के कार्यालयों, हाउसिंग बोर्ड की कॉलोनियों की स्ट्रीट लाइट और सार्वजनिक जल प्रदाय योजनाओं को अब व्यावसायिक श्रेणी से हटाकर घरेलू श्रेणी में शामिल कर दिया गया है।
इसके अलावा ग्रामीण क्षेत्रों और बस्तर संभाग के सभी हॉस्टलों को भी घरेलू दरों पर बिजली मिलेगी। वहीं घरेलू उपयोग के लिए लिए गए अस्थायी बिजली कनेक्शन, यदि दो वर्ष पूरे कर चुके हैं, तो उन पर भी अब सामान्य घरेलू टैरिफ लागू होगा। नए नियमों के तहत जिन उपभोक्ताओं का स्वीकृत बिजली लोड 10 किलोवाट से अधिक है, उन्हें सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे के बीच बिजली खपत करने पर ऊर्जा प्रभार में 20 पैसे प्रति यूनिट की विशेष छूट मिलेगी। इसका उद्देश्य दिन के समय बिजली उपयोग को बढ़ावा देना है।
रूफटॉप सोलर उपभोक्ताओं के लिए राहत
प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के तहत रूफटॉप सोलर लगाने वाले उपभोक्ताओं के लिए भी अच्छी खबर है। सोलर एनर्जी कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (SECI) ने वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए ग्रिड में भेजी जाने वाली अतिरिक्त (सरप्लस) बिजली की खरीद दर तय कर दी है। अब उपभोक्ताओं द्वारा ग्रिड में भेजी गई अतिरिक्त बिजली की राशि उनके आगामी बिजली बिल में क्रेडिट के रूप में समायोजित होगी।
बिजली बिल समाधान योजना को तीन महीने का विस्तार
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कबीर जयंती महोत्सव के दौरान बड़ी घोषणा करते हुए मुख्यमंत्री बिजली बिल भुगतान समाधान योजना की अवधि तीन महीने के लिए बढ़ा दी है। इससे बकाया बिजली बिल वाले उपभोक्ताओं को सरचार्ज में छूट का लाभ मिलेगा और वे अपने लंबित बिलों का आसान तरीके से भुगतान कर सकेंगे। बिजली दरों में वृद्धि से जहां लाखों उपभोक्ताओं की जेब पर अतिरिक्त बोझ पड़ेगा, वहीं लेट फीस में राहत, सोलर उपभोक्ताओं को बिल में क्रेडिट और समाधान योजना के विस्तार जैसे फैसले कुछ हद तक राहत देने वाले साबित हो सकते हैं।
छत्तीसगढ़ में 1 जुलाई से नया घरेलू बिजली टैरिफ
| मासिक बिजली खपत | पुरानी दर (₹/यूनिट) | नई दर (₹/यूनिट) | बढ़ोतरी |
|---|---|---|---|
| 0 से 100 यूनिट | ₹4.10 | ₹4.40 | 30 पैसे |
| 101 से 200 यूनिट | ₹4.20 | ₹4.50 | 30 पैसे |
| 201 से 400 यूनिट | ₹5.60 | ₹6.00 | 40 पैसे |
| 401 से 600 यूनिट | ₹6.60 | ₹7.00 | 40 पैसे |
| 601 यूनिट से अधिक | ₹8.30 | ₹8.80 | 50 पैसे |
