कोरबा 27 जून 2026। कोरबा जिले में जमीन के बंटवारे को लेकर एक परिवार उस वक्त उजड़ गया, जब एक दिव्यांग बेटे ने अपनी ही मां की लाठी से पीट-पीटकर हत्या कर दी। आरोपी ने बीच-बचाव करने आए पिता पर भी जानलेवा हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। वारदात के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई। पुलिस ने आरोपी को कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक हत्या की ये वारदात उरगा थाना क्षेत्र के चीतापाली गांव की है। पुलिस के मुताबिक श्यामलाल यादव अपने छोटे बेटे रामकुमार यादव और पत्नी जानकुंवर के साथ गांव में रहता था। वहीं उसका बड़ा बेटा कोरबा शहर में रहता है। रामकुमार दिव्यांग है और लाठी के सहारे चलता है। लंबे समय से वह पैतृक जमीन के बंटवारे की मांग कर रहा था, लेकिन माता-पिता इसके लिए तैयार नहीं थे। शुक्रवार रात एक बार फिर जमीन के बंटवारे को लेकर घर में विवाद शुरू हुआ।
माता-पिता के इंकार करते ही रामकुमार का गुस्सा फूट पड़ा और उसने तैैश में आकर लाठी से अपनी मां पर जानलेवा हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से मां की जहां मौके पर ही मौत हो गई। वहीं हमला होते देख पिता श्यामलाल बीच-बचाव के लिए पहुंचे, लेकिन आरोपी ने अपने पिता पर भी हमला कर दिया। हमले में श्यामलाल का एक पैर टूट गया और शरीर पर कई गंभीर चोटें आईं है। आरोपी के पिता को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
रातभर घर में पड़ा रहा शव
हत्या की वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। वहीं पूरी रात महिला का शव घर में ही पड़ा रहा। आज शनिवार सुबह घटना की सूचना मिलने पर उरगा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और घायल पिता को अस्पताल पहुंचाया।
पुलिस ने तत्काल तलाश अभियान शुरू किया और आरोपी रामकुमार यादव को ग्राम अंजोरीपाली से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस की जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी पहले भी अपने माता-पिता के साथ मारपीट करता था। इस बार जमीन के विवाद ने खूनी रूप ले लिया और परिवार की मुखिया की जान चली गई। उरगा थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या और हत्या के प्रयास सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

