दुर्ग 26 जून 2026। दुर्ग जिले में एक युवक की सिर कुचलकर निर्मम हत्या की सनसनीखेज वारदात से हड़कंप मच गया। घटना नंदिनी थाना क्षेत्र के ग्राम डूमर की है, जहां 25 जून की देर रात करीब 12 बजे पानी टंकी के पास सो रहे 25 वर्षीय चेतन ठाकुर की किसी भारी वस्तु से हमला कर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने हत्या की इस वारदात की जांच के दौरान मिले सुराग के आधार पर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, चेतन ठाकुर रात में पानी टंकी के पास सो रहा था। इसी दौरान आरोपी ने उस पर भारी वस्तु से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। सिर पर गंभीर चोट लगने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही नंदिनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। हत्या की गंभीरता को देखते हुए क्राइम ब्रांच और नंदिनी थाना पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई। जांच के दौरान मिले साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर पुलिस ने ग्राम डूमर निवासी 22 वर्षीय रैनू राम यादव को हिरासत में लिया।
पूछताछ में मिले तथ्यों के बाद उसे हत्या के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया। प्रारंभिक जांच में हत्या की वजह आपसी विवाद बताई जा रही है। हालांकि पुलिस पूरे घटनाक्रम की सभी पहलुओं से जांच कर रही है। आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। वहीं हत्या में इस्तेमाल की गई भारी वस्तु और अन्य साक्ष्यों को भी पुलिस जब्त करने की कार्रवाई में जुटी हुई है। पुलिस का कहना है कि मामले की विस्तृत विवेचना जारी है और जांच पूरी होने के बाद हत्या के पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।

