महासमुंद 25 जून 2026। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में 18 वर्षीय युवती की हत्या के मामले में पुलिस जांच के दौरान जो कहानी सामने आई है, उसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। पुलिस ने इस मामले में युवती के 17 वर्षीय नाबालिग प्रेमी को हिरासत में लिया है। आरोप है कि शादी के लिए लगातार दबाव बनाए जाने से परेशान होकर उसने युवती की हत्या कर दी और शव को नाले की रेत में दफना दिया।
जानकारी के मुताबिक हत्या की ये वारदात खल्लारी थाना क्षेत्र के झारा गांव का है। पुलिस ने इस हत्याकांड का खुलासा करते हुए बताया कि मृतका भारती टंडन 19 जून की रात अपना जन्मदिन मनाने के बाद घर से निकली थी। परिजनों को लगा कि वह किसी परिचित के घर गई होगी। लेकिन जब वह काफी देर तक वापस नहीं लौटी, तो उसकी तलाश शुरू की गई। अगले दिन भी कोई जानकारी नहीं मिलने पर परिजनों ने पुलिस थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
पुलिस लापता युवती की तलाश कर रह थी, इसी बीच 22 जून को गांव से कुछ दूरी पर स्थित एक नाले के किनारे रेत में दबा एक शव मिला। शव का कुछ हिस्सा बाहर दिखाई दे रहा था और आसपास तेज दुर्गंध फैल हुई थी। सूचना मिलने पर पुलिस और फॉरेंसिक की टीम मौके पर पहुंची। जांच के दौरान शव की पहचान लापता भारती टंडन के रूप में हुई। पुलिस की प्राथमिक जांच में मृतका के साथ दुष्कर्म और हत्या की पुष्टि हुई। पुलिस ने जब इस अंधे कत्ल की जांच शुरू की तो कई अहम सुराग पुलिस के हाथ लगे।
जांच के दौरान पुलिस को मृतिका के नाबालिग प्रेमी की जानकारी मिली। कॉल डिटेल और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की। सख्ती से पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर हत्या की बात स्वीकार कर ली। पुलिस के मुताबिक दोनों के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध थाा। युवती लगातार शादी करने की बात कह रही थी, जबकि आरोपी इसके लिए तैयार नहीं था। जांच में सामने आया कि घटना वाली रात दोनों की मुलाकात हुई थी। इसी दौरान विवाद हुआ और आरोपी ने कथित रूप से पत्थर से हमला कर युवती की हत्या कर दी।
जांच अधिकारियों के मुताबिक हत्या के बाद आरोपी ने शव को नाले के पास ले जाकर रेत में दफना दिया था, ताकि घटना का कोई सुराग न मिल सके। महासमुंद मेें हुए इस हत्याकांड ने एक बार फिर किशोर उम्र के रिश्तों, भावनात्मक दबाव और अपराध के बीच संबंधों को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस मामले की सभी परिस्थितियों की जांच कर रही है और आरोपी के खिलाफ किशोर न्याय अधिनियम के प्रावधानों के तहत आगे की कार्रवाई की जा रही है।

